scorecardresearch
Thursday, 28 May, 2026
होमदेशतमिलनाडु: रामदास ने पुलिस महानिदेशक की तत्काल नियुक्ति की मांग रखी

तमिलनाडु: रामदास ने पुलिस महानिदेशक की तत्काल नियुक्ति की मांग रखी

Text Size:

चेन्नई, 28 मई (भाषा) पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के संस्थापक डॉ. एस. रामदास ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु सरकार से राज्य पुलिस बल में प्रशासनिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल एक स्थायी पुलिस महानिदेशक नियुक्त करने का आग्रह किया।

उन्होंने यहां एक बयान में कहा कि स्थायी पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति न होने के कारण तमिलनाडु में कई महीनों से अंतरिम पुलिस नेतृत्व की व्यवस्था है।

रामदास ने आग्रह किया कि पुलिस सुधारों पर उच्चतम न्यायालय के दिशानिर्देशों और पुलिस नेतृत्व में नियुक्तियों से संबंधित वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप, राज्य सरकार संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा अनुशंसित सूची से एक उपयुक्त अधिकारी का चयन करे और उसे तमिलनाडु का स्थायी पुलिस महानिदेशक नियुक्त करे।

पीएमके नेता ने दावा किया कि राज्य में वर्तमान में मौजूद कानून-व्यवस्था संबंधी कई चुनौतियों को देखते हुए, पूर्णकालिक स्थायी पुलिस प्रमुख की नियुक्ति अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा, “महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा, बढ़ते अपराध से निपटना, सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखना, जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून के शासन को मजबूत करना जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए मजबूत व स्थिर पुलिस नेतृत्व की आवश्यकता है।”

रामदास ने कहा, “मैं सभी राजनीतिक दलों, विशेषकर विपक्ष से इस नियुक्ति प्रक्रिया में निष्पक्ष रूप से सहयोग करने का आह्वान करता हूं ताकि पुलिस प्रशासन राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त और कानून के अनुसार कार्य कर सके।”

उन्होंने कहा, “तमिलनाडु की जनता की सुरक्षा, कानून के शासन को बनाए रखने और पुलिस के भीतर प्रशासनिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए, राज्य सरकार को नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति को लेकर तत्काल कदम उठाने चाहिए।”

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments