नई दिल्ली: पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) ने लोगों की कमजोरियों का फायदा उठाकर उनकी पहचान करने और उन्हें अपने लिए काम करने के लिए तैयार करने का तरीका और तेज़ कर दिया है. अब उसके एजेंट महिलाओं को निशाना बना रहे हैं. खास तौर पर ऐसी महिलाओं को, जो शादी टूटने जैसी अनचाही परिस्थितियों के कारण अकेलेपन का सामना कर रही हैं.
ISI के ‘हनीट्रैप’ यानी प्यार के जाल में फंसाने के तरीके में आए इस छोटे लेकिन अहम बदलाव पर सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान तब गया, जब राजस्थान और पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्यों से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया.
जयपुर की 38 साल की बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा और गुरदासपुर की 21 साल की महकदीप कौर को कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे आतंकी एजेंटों ने ऑनलाइन अपने जाल में फंसाया. इन एजेंटों ने उन्हें प्यार, पैसे और नई ज़िंदगी शुरू करने का भरोसा दिया.
राजस्थान एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) के मुताबिक, ये दोनों मामले बताते हैं कि ISI और सीमा पार के आतंकी संगठन जानबूझकर अपने काम करने के तरीके में बदलाव कर रहे हैं.
ATS के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर ऐसी भारतीय महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो भावनात्मक रूप से कमजोर हैं, बेरोजगार हैं या जिनका तलाक हो चुका है. अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान में बैठे एजेंट उनसे प्यार का झूठा रिश्ता बनाते हैं और फिर उनका इस्तेमाल खुफिया जानकारी जुटाने, जरूरी मदद पहुंचाने और जमीन पर काम करने जैसे कामों के लिए करते हैं. ये महिलाएं ज्यादा लोगों की नजर में भी नहीं आतीं.
राजस्थान ATS के एक अधिकारी ने कहा, “उन्हें अपने जाल में फंसाने का काम धीरे-धीरे किया जाता है. शुरुआत में दोस्ती होती है, फिर प्यार भरी बातें शुरू होती हैं. इसके बाद उनका भरोसा जीता जाता है और शादी करने या विदेश में बसाने का वादा किया जाता है.”
बबीता और महकदीप दोनों पर भारत के मुख्य आतंकवाद विरोधी कानून गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आरोप लगाए गए हैं और उन्हें जेल भेज दिया गया है.
ATS के ADG दिनेश एम.एन. ने दिप्रिंट को बताया, “उन्हें (पाकिस्तान में बैठे एजेंटों ने) प्यार भरी बातें करके और पैसे देकर अपने जाल में फंसाया. पाकिस्तान की ISI अब इस तरीके का इस्तेमाल तेजी से कर रही है.”
‘ऑनलाइन प्यार मिला’
सवाई माधोपुर की रहने वाली बबीता तलाक के बाद जयपुर के बाहरी इलाके में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी. मामले की जांच करने वाले ATS के एक अधिकारी ने कहा, “वह बेरोजगार थी और परेशान रहती थी. उसने सोशल मीडिया का सहारा लिया, जहां वह कट्टरपंथी सोच वाले कुछ अकाउंट और पाकिस्तान में बैठे एक ऐसे एजेंट के संपर्क में आई, जिसका कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से संबंध था.”
पुलिस अधिकारी ने बताया कि करीब दो साल तक उस एजेंट ने बबीता को तारीफ करके और शादी का वादा करके अपने जाल में फंसाया. उसने बबीता को ऑनलाइन धर्म बदलने, कलमा पढ़ने और खदीजा नाम अपनाने के लिए भी मना लिया.
अधिकारी ने जांच का हवाला देते हुए कहा, “उसने बबीता को नेपाल, सऊदी अरब या संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास्ते पाकिस्तान पहुंचाने का इंतजाम करने का वादा किया. उसने कहा कि यात्रा का पूरा खर्च क्रिप्टोकरेंसी के जरिए दिया जाएगा. इसके बाद बबीता ने ऑनलाइन पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी खोजी और क्रिप्टो ऐप डाउनलोड किए.”
21 जून को गिरफ्तारी से पहले बबीता ने कथित तौर पर भारत के तीन मोबाइल नंबरों के व्हाट्सऐप वन-टाइम पासवर्ड (OTP) जैश-ए-मोहम्मद के एक कमांडर के साथ साझा किए थे. इससे सीमा पार बैठे लोगों को भारतीय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करने और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचने में मदद मिली.
अधिकारी ने बताया कि बबीता ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर खास तौर पर फिदायीन हमलों से जुड़ी ‘कट्टरपंथी’ सामग्री भी शेयर की.
अधिकारी ने कहा कि जांच करने वालों को पता चला कि सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचने के लिए बड़ी मात्रा में डिजिटल जानकारी डिलीट कर दी गई थी. उन्होंने बताया कि अदालत ने इस मामले में दाखिल आरोपपत्र पर संज्ञान ले लिया है.
प्यार के जाल में फंसाया
अगर बबीता के मामले में डिजिटल जासूसी और कट्टरपंथी सोच फैलाने की बात सामने आई, तो महकदीप को कथित तौर पर एक अपराध करने के लिए अपने जाल में फंसाया गया था.
गुरदासपुर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, तलाकशुदा महकदीप की कमाई का कोई पक्का जरिया नहीं था.
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि उसके भाई और पूर्व पति को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जेल हो चुकी थी.
पुलिस के मुताबिक, महकदीप पाकिस्तान में बैठे उन एजेंटों के संपर्क में आई, जिनके कोड नाम ‘शाह’ और ‘चाचा’ थे.
राजस्थान ATS के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “उन्होंने प्यार भरी बातें करके और पैसे देकर उसे अपने जाल में फंसाया. ISI अब इस तरीके का इस्तेमाल तेजी से कर रही है.”
पुलिस के मुताबिक, महकदीप को श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाने के लिए कथित तौर पर 2.83 लाख रुपये दिए गए थे.
महकदीप और इस मामले में उसके साथ आरोपी बनाए गए देवेंद्र सिंह ने, जो स्कूल के समय से उसका सहपाठी था, बम लगाने से पहले दो बार उस जगह का दौरा किया था. इसके बाद उन्होंने वहां टाइमर वाला बम लगाया. यह बम 3 नवंबर की रात को फट गया, जिससे रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए.
तकनीकी निगरानी और केंद्रीय एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद राजस्थान ATS, श्रीगंगानगर पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 नवंबर को दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में पाकिस्तान में बैठे एजेंट अब इंस्टाग्राम, फेसबुक, टेलीग्राम और व्हाट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके जरिए वे निजी या आर्थिक परेशानियों से जूझ रही महिलाओं की पहचान करते हैं और उनसे संपर्क करते हैं.
गुरदासपुर के एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिलाओं को निशाना बनाना “आसान” होता है. इसकी वजह यह है कि अगर वे सीमावर्ती जिलों में यात्रा करती हैं या वहां कोई काम करती हैं, तो जांच चौकियों पर उन पर युवकों के मुकाबले बहुत कम शक किया जाता है.
पुलिस अधिकारी ने समझाया, “पाकिस्तान में बैठे एजेंट उन्हें ‘आसान निशाना’ मानते हैं. उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए तैयार किया जाता है, जैसे OTP साझा करना, कट्टरपंथी प्रचार वाली सामग्री फैलाना या तय जगह से छिपाकर रखे गए सामान को उठाना.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: ‘थेरेपिस्ट की तलाश’ के बहाने पाकिस्तानी जासूस ने वायुसेना के विंग कमांडर को कैसे फंसाया?