नई दिल्ली: इसकी शुरुआत भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अधिकारी को देर रात आए व्हाट्सऐप मैसेज से हुई. मैसेज भेजने वाले ने दावा किया कि वह एक महिला है और किसी अच्छे थेरेपिस्ट (मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी में मदद करने वाले विशेषज्ञ) की तलाश कर रही है. भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर ने उसे बताया कि उसने गलत नंबर पर मैसेज किया है, लेकिन वह लगातार मैसेज करती रही.
बताया जाता है कि मैसेज भेजने वाली ने उससे कहा, “मुझे सच में मदद की जरूरत है. क्या आप किसी अच्छे थेरेपिस्ट का नाम बता सकते हैं? मैं अपने पति से अलग हो रही हूं और बहुत ज्यादा तनाव में हूं.” इसी बात के जरिए उसने अधिकारी से बातचीत शुरू की. वायुसेना का यह अधिकारी भी उस समय अपनी पत्नी से अलग होने की स्थिति से गुज़र रहा था और अकेला रहता था. बताया जाता है कि उसने जवाब दिया, “अरे, मेरी भी यही स्थिति है.” और इस तरह कथित तौर पर उसे हनी ट्रैप में फंसाने का जाल बिछाया गया.
अगले कुछ हफ्तों में दोनों की लंबी बातचीत होने लगी. जल्द ही उनकी बातचीत निजी बातों तक पहुंच गई. इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को तस्वीरें भेजनी शुरू कर दीं और आखिर में नग्न तस्वीरें भी साझा कीं. तब तक वायुसेना का अधिकारी जाल में फंस चुका था. जांचकर्ताओं को शक है कि दूसरी तरफ से बात करने वाला व्यक्ति पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी का अधिकारी (PIO) था.
आरोप है कि नग्न तस्वीरें भेजने के बदले में वायुसेना का अधिकारी अपने आसपास की जगहों की तस्वीरें भेजने लगा. इनमें उसकी तैनाती वाली जगह, छावनी के अंदर के इलाके और सैन्य अभियानों से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं. उसने ड्रोन की क्षमताओं और संवेदनशील जगहों के सटीक कोऑर्डिनेट्स भी शेयर कर दिए.
भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर को बाद में सरकारी गोपनीयता कानून (OSA) के तहत गिरफ्तार किया गया. अगस्त में दिल्ली की एक अदालत में उसके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया. इसमें बताया गया कि कथित तौर पर उसे हनी ट्रैप में कैसे फंसाया गया और वायुसेना के अधिकारी ने कौन-कौन सी संवेदनशील जानकारियां साझा की थीं.
भारतीय वायुसेना की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस की आतंकवाद रोधी शाखा ने यह मामला दर्ज किया था. मामले की जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर दिप्रिंट को बताया, “पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों को पता था कि वायुसेना का अधिकारी अपनी पत्नी से अलग होने की स्थिति से गुजर रहा है. उन्होंने उसकी इसी कमजोरी का फायदा उठाया. इससे पता चलता है कि लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए किस हद तक योजना बनाई गई थी. उन्होंने पहले से उसके बारे में जानकारी जुटाई थी और खास तौर पर उसे निशाना बनाया था.”
अधिकारी ने आगे कहा, “खुफिया एजेंट ने उससे इस बहाने संपर्क किया कि उसे किसी डॉक्टर की तलाश है. उसने ऐसा दिखाया जैसे गलती से उसे मैसेज भेज दिया हो. यह सब पहले से बहुत सोच-समझकर तैयार की गई योजना थी.”
‘राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला’
जांच से जुड़े एक अन्य सूत्र के मुताबिक, करीब दो महीने के दौरान वायुसेना के विंग कमांडर ने कथित तौर पर संदिग्ध पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी (PIO) को कई ऐसी तस्वीरें भेजीं, जिनमें संवेदनशील जानकारियां थीं. इससे सैन्य संसाधनों और ठिकानों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी.
सूत्र ने कहा, “भारतीय वायुसेना ने अपनी शिकायत में विस्तार से बताया कि अधिकारी ने जो जानकारियां और दस्तावेज़ शेयर किए, उनसे उसके सैन्य संसाधनों और ठिकानों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई और राष्ट्रीय सुरक्षा को जोखिम हुआ.”
जांच में पता चला कि वायुसेना के अधिकारी ने शुरुआत में अपने काम की जगह पर खींची गई तस्वीरें भेजनी शुरू की थीं. इन तस्वीरों में उसके दफ्तर और एयरबेस (वायुसेना के अड्डे) के कुछ हिस्से भी दिखाई दे रहे थे. इसके बाद उसने कथित तौर पर संवेदनशील जानकारियां भी साझा करनी शुरू कर दीं. इनमें सैनिकों और सैन्य संसाधनों की तैनाती की योजनाएं, लड़ाकू विमानों की स्थिति और होने वाले सैन्य अभ्यासों की जानकारी शामिल थी.
सूत्र ने कहा, “ऐसी तस्वीरें भी थीं, जिनमें वह अपने दफ्तर में बैठा हुआ था और उसकी मेज पर संवेदनशील दस्तावेज रखे थे. ये ऐसे दस्तावेज थे, जिन्हें कभी भी किसी के साथ साझा नहीं किया जाना चाहिए था. हो सकता है कि शुरुआत में उसने किसी ऐसी महिला को, जिसमें उसकी दिलचस्पी थी, अपने काम की जगह की सामान्य तस्वीरें भेजी हों, लेकिन धीरे-धीरे यह मामला बहुत गंभीर हो गया. उसने जरूरत से कहीं ज्यादा जानकारियां साझा कर दीं. इसके बाद खुफिया एजेंट उससे और जानकारी मांगने लगा. तब तक वह पूरी तरह जाल में फंस चुका था.”
सूत्र ने आगे कहा कि इसके बाद जो हुआ, वह जासूसी का एक जाना-पहचाना तरीका था. संदिग्ध पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी ने वायुसेना के विंग कमांडर को एक खतरनाक ऐप भेजा. अधिकारी ने यह सोचकर उसे डाउनलोड कर लिया कि इससे वह एक तस्वीर देख सकेगा. आरोप है कि इस ऐप में मौजूद मैलवेयर (नुकसान पहुंचाने वाला सॉफ्टवेयर) के जरिए पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी को वायुसेना के अधिकारी के फोन में मौजूद डेटा तक पहुंच मिल गई. इसमें दूसरे अधिकारियों के साथ उसकी बातचीत भी शामिल थी.
सूत्र के मुताबिक, दोनों के बीच बातचीत के दौरान 3,000 से ज्यादा टेक्स्ट मैसेज और 60 से ज्यादा तस्वीरों का आदान-प्रदान हुआ. सूत्र ने कहा, “इनके अलावा, दोनों के बीच कई वीडियो कॉल भी हुईं और उन्होंने एक-दूसरे को कई लिंक भी भेजे.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: भारत के न्योते पर SCO के कार्यक्रम में आएगा चीन, पाकिस्तान ने अभी नहीं दिया जवाब