नई दिल्ली: कोलकाता में 70 फीट ऊंची लियोनेल मेसी की प्रतिमा लगाए जाने के पांच महीने बाद, पश्चिम बंगाल सरकार अब सुरक्षा कारणों से इसे हटाने की तैयारी कर रही है.
25 मई को कोलकाता के लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से शिकायत की कि तेज हवा में प्रतिमा हिल रही है. इसके बाद PWD अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के बाद फैसला लिया कि प्रतिमा को हटाना जरूरी है.
एक PWD अधिकारी ने दिप्रिंट से कहा, ‘जब हमें लोगों से शिकायत मिली तो हमने अपनी टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा. हम नहीं चाहते कि भविष्य में कोई हादसा हो. उससे पहले ही हम इसे हटाने की योजना बना रहे हैं.’
फुटबॉल दिग्गज की लोकप्रियता इतनी है कि उनके फैंस ने एक सुनहरे रंग की प्रतिमा को लगाने का फैसला किया जिसमें मेसी को 2022 फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाते हुए दिखाया गया.
फिलहाल प्रतिमा को मजबूत नायलॉन रस्सियों से बांधा गया है और लोगों व ट्रैफिक को दूर रखने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं.
मेसी का GOAT टूर
कोलकाता में फुटबॉल दिग्गज मेसी के लिए जबरदस्त और दीवानगी जैसी फैन फॉलोइंग है, जिसे अक्सर ‘मेसी मेनिया’ कहा जाता है. शहर का फुटबॉल के प्रति गहरा जुनून फैन जोन, बड़े इंस्टॉलेशन, और विशाल म्यूरल्स में साफ दिखाई देता है.
मेसी की यह प्रतिमा 27 दिनों में बनाई गई थी और पिछले दिसंबर में उनके GOAT टूर ऑफ इंडिया के दौरान इसका अनावरण किया गया था. यह टूर उस समय अव्यवस्था में बदल गया जब मेसी के कार्यक्रम से जल्दी निकलने पर फैंस ने बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं और स्टेडियम के गेट तोड़ने की कोशिश की.
अब जब कोलकाता प्रशासन प्रतिमा के लिए नई जगह तलाश रहा है, तो X पर लोगों की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग हैं. कुछ लोग कह रहे हैं कि यह प्रतिमा मेसी जैसी दिखती ही नहीं है.
एक कमेंट में लिखा था, ‘ये मेसी नहीं हैं… ये तो बस कोई रैंडम भारतीय आदमी है जो वर्ल्ड कप पकड़े हुए है.’
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने SIR की वैधता को बरकरार रखा, कहा—प्रक्रिया के लिए EC ही सक्षम अथॉरिटी है