scorecardresearch
Sunday, 8 November, 2026
होमखेलराजपूत के शतक के बावजूद अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को 208 रन पर आउट किया

राजपूत के शतक के बावजूद अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को 208 रन पर आउट किया

Text Size:

अल अमेरात (ओमान) आठ नवंबर (भाषा) अर्जुन राजपूत की 85 गेंदों पर 107 रन की तूफानी पारी के बावजूद भारतीय टीम एसीसी अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप ए मुकाबले में सोमवार को यहां 46.3 ओवर में 208 रन पर आउट हो गयी।

पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद भारत की शुरुआत बेहद खराब रही टीम ने 42 रन तक चार विकेट गंवा दिये। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (शून्य), आर्यवीर सहवाग (22), वीके विनीत (आठ) और यशवर्धन चौहान (एक) जल्दी-जल्दी अपना विकेट गंवा बैठे।

ऐसे मुश्किल समय में राजपूत ने मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने अपनी आक्रामक पारी में 11 चौके और पांच छक्के जड़े। उनकी इस पारी की वजह से टीम 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

राजपूत ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ (10) के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 रन जोड़े। उन्होंने इसके बाद मनाल चौहान (11) के साथ छठे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। इन दोनों साझेदारियों में राजपूत का योगदान अधिक रनों का रहा।

उनकी शानदार पारी का अंत 36वें ओवर में हुआ। उनके आउट होते समय टीम का स्कोर सात विकेट पर 170 रन था।

यशवीर गौड़ (04) और मोहित उल्वा (07) भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और टीम का स्कोर नौ विकेट पर 195 रन हो गया।

पारी के अंतिम चरण में काव्य प्रसाद पटेल (23) और आखिरी बल्लेबाज ईशान सूद (नाबाद 2) ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम को 208 रन तक पहुंचाया।

पाकिस्तान की ओर से दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज अली रजा ने 37 रन देकर तीन और रिजवानुल्लाह ने 24 रन देकर तीन विकेट झटके। दोनों ने शुरुआती झटके देकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

इसके बाद बाएं हाथ के स्पिनर निकाब शफीक ने 42 रन देकर तीन विकेट हासिल कर भारत की मुश्किलें और बढ़ा दीं। बाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज मोहम्मद सयाम ने भी 27 रन देकर एक विकेट लिया।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments