scorecardresearch
Friday, 6 November, 2026
होमदेश'क्या सोनिया राजग के लिए वोट चोरी कर रही थीं': भाजपा ने चुनावों में जीत के प्रतिशत को लेकर कसा तंज

‘क्या सोनिया राजग के लिए वोट चोरी कर रही थीं’: भाजपा ने चुनावों में जीत के प्रतिशत को लेकर कसा तंज

Text Size:

नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के रूप में ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को चुनावों में उतनी सफलता नहीं मिली, जितनी कि वीएस संपत के कार्यकाल में मिली थी।

साथ ही पार्टी ने पूछा कि क्या कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी अपने प्रतिद्वंद्वी के लिए वोट चोरी कर रही थीं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वीएस संपत को कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था।

संपत ने 11 जून 2012 से 15 जनवरी 2015 तक देश के 18वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में कार्य किया था।

भंडारी ने कहा कि संपत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त रहते हुए हुए चुनावों में राजग को 75 प्रतिशत जीत मिली थी। वहीं, ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में राजग ने करीब 66 प्रतिशत चुनावों में जीत हासिल की है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में राजग की जीत का प्रतिशत, वीएस संपत के कार्यकाल की तुलना में कम है।’’

उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा, ‘तो क्या राहुल गांधी के तर्क के मुताबिक सोनिया गांधी भाजपा के लिए ‘वोट चोरी’ कर रही थीं?’’

उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी दावा करते हैं कि सीईसी ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में राजग को फायदा पहुंचाया गया है, लेकिन ‘तथ्य’ और ‘आंकड़े’ उनके ‘वोट चोरी’ के आरोपों की पोल खोलते हैं।

ज्ञानेश कुमार को पहली बार 15 मार्च 2024 को निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। उन्होंने 19 फरवरी 2025 को भारत के 26वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला था।

भाषा गोला वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments