मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने हिंदुत्व के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए बुधवार को कहा कि भाजपा की विचारधारा हिंदुओं और मुसलमानों के बीच दंगे ‘‘कराने’’ और फिर उससे राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास करती है।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले संगठन ने कहा कि उसके पूर्व सहयोगी को 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले ‘‘मुस्लिम प्रेम की हिचकी आने लगी है।’’
शिवसेना (यूबीटी) ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में कहा है कि चुनाव नजदीक आते ही ‘‘भाजपा मुसलमानों को चूमकर ‘सेकुलरवाद’ (धर्मनिरपेक्षता) का बुर्का पहन लेती है।’’
इसमें आरोप लगाया कि असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) भाजपा की ‘बी’ और ‘सी’ टीमों के रूप में काम करती है।
संपादकीय में कहा गया है, ‘‘2024 के लोकसभा चुनाव में अब एक वर्ष ही और बचे हैं। इसलिए भाजपा को मुस्लिम प्रेम की हिचकी आने लगी है। यह हिचकी एक साल तक जारी रहेगी और चुनाव खत्म होते ही रुक जाएगी। एक तरफ हिंदू-मुस्लिम विवाद भड़काकर दंगे कराना और उस पर खुद की राजनीतिक रोटी सेंकना, यही इस टोली का ‘हिंदुत्ववाद’ है।’’
विपक्षी दल ने आरोप लगाया कि हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण उनका (भाजपा का) पारंपरिक तौर-तरीका है और इसका राजनीतिक लाभ उठाना भाजपा का ‘असली चेहरा’ है।
शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र ने भाजपा को ‘पाखंडी’ करार दिया।
भाजपा पर विपक्षी दल शिवसेना की ओर से यह हमला ऐसे समय किया गया है जब राष्ट्रीय पार्टी के प्रमुख सहयोगी एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपनी पार्टी के विधायकों और नेताओं के साथ कुछ दिन पहले ही अयोध्या का दौरा किया था।
उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस, शिंदे के साथ रविवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या गए थे।
भाषा अमित रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.