scorecardresearch
Friday, 6 November, 2026
होमदेशशाहरुख खान को एड शीरन के अंग्रेजी गाने के बोल याद करने में मुश्किल हुई

शाहरुख खान को एड शीरन के अंग्रेजी गाने के बोल याद करने में मुश्किल हुई

Text Size:

नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने कहा कि उनकी फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ के अंग्रेजी बोल याद रखना उनके लिए आसान नहीं था। इस गाने को ब्रिटिश गायक और गीतकार एड शीरन ने अपनी आवाज दी है।

‘शेप ऑफ यू’ और ‘थिंकिंग आउट लाउड’ जैसे गानों के लिए मशहूर शीरन ने इस गाने के लिए अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची के साथ मिलकर काम किया है। यह गाना दो नवंबर को शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर रिलीज हुआ था।

सचिन-जिगर ने इस गाने को संगीतबद्ध किया है। इसमें शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण भी नजर आई हैं।

शाहरुख खान की बेटी और अभिनेत्री सुहाना खान भी फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगी।

सुहाना ने बृहस्पतिवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक ‘ट्रांजिशन वीडियो’ साझा किया। वीडियो में वह तैयार होती नजर आ रही हैं और इस दौरान शीरन के गाए ‘तू मिल जाए’ के अंग्रेजी रैप पर गाते दिख रही हैं।

शाहरुख ने वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके लिए गाने के बोल याद रखना मुश्किल था। उन्होंने लिखा, ‘‘तुम्हें इसके बोल कैसे याद रहते हैं! मेरे लिए यह बहुत मुश्किल था क्योंकि एड बहुत तेजी से गाते हैं।’’

फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है। वह इससे पहले 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘पठान’ में अभिनेता के साथ काम कर चुके हैं।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments