scorecardresearch
Friday, 6 November, 2026
होमदेश‘रामायण’ ने पहले दिन दुनियाभर में की 155 करोड़ रुपये की कमाई, भारतीय सिनेमा में बनाया नया रिकॉर्ड

‘रामायण’ ने पहले दिन दुनियाभर में की 155 करोड़ रुपये की कमाई, भारतीय सिनेमा में बनाया नया रिकॉर्ड

Text Size:

नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) हिंदू पौराणिक महाकाव्य रामायण पर आधारित फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए रिलीज के पहले दिन 155 करोड़ रुपये की सकल कमाई की है। फिल्म के निर्माताओं ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म पांच नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने सीता, यश ने रावण और रवि दुबे ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई है।

निर्माताओं ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया कि फिल्म ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में दिवाली से पहले रिलीज हुई फिल्मों में पहले दिन की सर्वाधिक कमाई का रिकॉर्ड बनाया है।

विज्ञप्ति में कहा गया, ”दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए ‘रामायण’ ने रिलीज के पहले दिन 155 करोड़ रुपये की जबरदस्त सकल कमाई की है। इसके साथ ही यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में दिवाली से पहले रिलीज होने वाली फिल्मों में पहले दिन सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।”

निर्माताओं ने फिल्म की शानदार शुरुआत का श्रेय दर्शकों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया को दिया। उन्होंने कहा कि दिवाली से ठीक पहले का समय आमतौर पर फिल्मों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि त्योहार की तैयारियों और लोगों की यात्रा के कारण सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या प्रभावित होती है। इसके बावजूद सुबह के शुरुआती शो से ही सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी मौजूदगी रही।

‘रामायण: पार्ट वन’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित दो भागों वाली फिल्म का पहला हिस्सा है। इसका निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर किया है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments