नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) की एडवाइजरी पर शुक्रवार को तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने वाले छात्रों को धमका रहा है.
डीयू की एक्स पोस्ट शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, “लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने पर छात्रों को धमकाने की हिम्मत कैसे हुई? याद रखिए, समय आने पर जवाबदेह आपको ही ठहराया जाएगा.”
How dare you threaten students for exercising their democratic rights?
Please note, you are the ones that will be held accountable when the time comes. https://t.co/Mx6D19SP5h
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 24, 2026
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अपनी एडवाइजरी में छात्रों और शिक्षकों से जंतर-मंतर पर होने वाली “गैरकानूनी सभाओं और प्रदर्शनों” से दूर रहने की अपील की थी. यूनिवर्सिटी ने कहा था कि ऐसे प्रदर्शनों में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है और इससे छात्रों की सुरक्षा, पढ़ाई और पेशेवर करियर पर असर पड़ सकता है.
यूनिवर्सिटी ने एडवाइजरी में कहा, “प्रिय छात्रों और शिक्षकों, आपकी सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार जंतर-मंतर पर होने वाली गैरकानूनी सभाओं और प्रदर्शनों में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है.”
डीयू ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर बड़ी मात्रा में फर्जी और भ्रामक सामग्री फैलाई जा रही है, इसलिए छात्र सावधानी बरतें.
राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया नीट-यूजी 2026 परीक्षा विवाद और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शनों के बीच आई है.
इससे पहले भी राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस वीडियो संदेश की आलोचना की थी, जिसमें उन्होंने पेपर लीक के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फास्ट-ट्रैक कोर्ट का वादा किया था.
राहुल गांधी ने कहा था, “मोदी जी, हमारे छात्र धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. आधी रात का यह कमजोर वीडियो जारी कर उनकी समझ का अपमान मत कीजिए.”
उन्होंने तीन मांगें भी रखीं—”1. धर्मेंद्र प्रधान को हटाइए. 2. छात्रों की पिटाई करने वालों को सजा दीजिए. 3. छात्रों से माफी मांगिए.”
विपक्ष संसद में नीट मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है.
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने साफ किया है कि जंतर-मंतर पर उसका प्रदर्शन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: 26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, CJP बोली-प्रदर्शन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा