scorecardresearch
Friday, 24 July, 2026
होमरिपोर्टउत्तराखंड: UTU परीक्षा पेपर लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, व्हाट्सएप पर छात्रों को भेजे थे सवाल

उत्तराखंड: UTU परीक्षा पेपर लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, व्हाट्सएप पर छात्रों को भेजे थे सवाल

पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को हुई UTU की सम-सेमेस्टर परीक्षा से पहले आरोपी प्रोफेसर ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए छात्रों के साथ परीक्षा से जुड़े अहम सवाल साझा किए थे. परीक्षा के बाद जब प्रश्नपत्र का मिलान किया गया तो साझा किए गए सवालों से काफी समानता पाई गई.

Text Size:

देहरादून: उत्तराखंड में नकल और पेपर लीक के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा का पेपर लीक करने के आरोप में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को हुई UTU की सम-सेमेस्टर परीक्षा से पहले आरोपी प्रोफेसर ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए छात्रों के साथ परीक्षा से जुड़े अहम सवाल साझा किए थे. परीक्षा के बाद जब प्रश्नपत्र का मिलान किया गया तो साझा किए गए सवालों से काफी समानता पाई गई.

कोतवाली प्रेमनगर में परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया. विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी पाया कि परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों पर वही सवाल साझा किए गए थे.

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं से लेकर विश्वविद्यालय की परीक्षाओं तक, नकल, पेपर लीक या परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लागू सख्त नकलरोधी कानून के तहत अब तक 100 से ज्यादा नकल माफियाओं और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था देना है और यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा.

share & View comments