scorecardresearch
Sunday, 27 September, 2026
होमदेशLPU में छात्रा से रेप की खबर के बाद प्रदर्शन, छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की और हाईवे जाम किया

LPU में छात्रा से रेप की खबर के बाद प्रदर्शन, छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की और हाईवे जाम किया

DIG ने कहा कि पुलिस को कथित घटना के बारे में महिला का बयान मिल गया है और वे मामला दर्ज कर रहे हैं.

Text Size:

फगवाड़ा, पंजाब: रविवार सुबह तड़के पंजाब के फगवाड़ा इलाके में छात्रों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर यह खबर फैलने के बाद प्रदर्शन शुरू हुआ कि यूनिवर्सिटी कैंपस में एक छात्रा के साथ कथित तौर पर रेप हुआ है.

पुलिस के मुताबिक, घटना की सच्चाई पता लगाने के लिए जांच चल रही है. पुलिस अधिकारियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर किसी छात्रा के साथ रेप हुआ था या नहीं. आरोपी की पहचान अभी पता नहीं चली है. फिलहाल जांच जारी होने के कारण कई अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने बताया कि सोशल मीडिया पर कथित रेप की खबर फैलने के बादलवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी यानी LPU के छात्रों ने रविवार रात 2 बजे प्रदर्शन शुरू किया. DIG के मुताबिक, छात्रों ने कैंपस के अंदर सामान और संपत्ति में तोड़फोड़ भी की और बाद में चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया.

DIG सिंगला ने कहा, “हमने यहां पुलिस बल तैनात किया, जिसमें मैं खुद और हमारी रेंज के सभी SSP भी शामिल थे. जब हम यहां पहुंचे, तो हमें पता चला कि उनकी मुख्य शिकायत तीन दिन पहले, यानी 24 सितंबर को एक छात्रा के साथ हुए कथित रेप को लेकर थी.”

पुलिस के मुताबिक, छात्रा यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रह रही थी, लेकिन घटना कथित तौर पर होने के बाद वह अपने घर वापस चली गई.

DIG ने कहा, “हम FIR की तकनीकी जांच करेंगे. इसमें फोरेंसिक जांच, CCTV और फोन की जांच शामिल होगी. इसके अलावा, छात्र प्रतिनिधियों से बात करके भी जांच की जाएगी.”

DIG ने बताया कि उन्हें कथित घटना के बारे में छात्रा का बयान मिल गया है. उसका बयान मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया.

DIG ने कहा, “हमें अब जानकारी और उसका बयान मिल गया है और मामला दर्ज कर लिया गया है.”

छात्रों ने यह भी मांग की है कि हॉस्टल के स्टाफ में बदलाव किया जाए और महिलाओं के हॉस्टल में सिर्फ महिला स्टाफ को रखा जाए.

अधिकारियों ने यह भी बताया कि छात्र प्रतिनिधि इस घटना को लेकर दोपहर 12 बजे LPU प्रशासन से मुलाकात करने वाले हैं.

DIG ने कहा, “छात्रों की कुछ और मांगें भी हैं. उदाहरण के लिए, छात्राओं ने मांग की है कि महिला हॉस्टल का पूरा स्टाफ महिला होना चाहिए. ऐसी कुछ खास मांगें हैं और हम मैनेजमेंट के साथ बैठकर यह सुनिश्चित करेंगे कि इन मांगों को पूरा किया जाए.”


यह भी पढ़ें: इंदिरा दौर से तीसरे साल में सरकारों की थमती रफ्तार: मोदी को इससे बचने के लिए EC की छवि बहाल करनी होगी


 

share & View comments