छतरपुर (मध्यप्रदेश), 19 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के छतरपुर में पानी के एक खाली टैंकर के अंदर पेंटिंग के दौरान कथित तौर पर दम घुटने से दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, मृतकों के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए इस मामले की जांच की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को हुई।
गढ़ी मलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया दम घुटने से मौत लग रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों शव जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान गुलाब अनुरागी (22) और अरमान खान (23) के रूप में हुई है और दोनों एक गैराज संचालक सचिन पटेल के यहां पेंटिंग का काम करते थे।
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को टैंकर के अंदर पेंट करते समय दोनों बेहोश हो गए, जिसके बाद गैराज मालिक ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुलाब के भाई मूलचंद अनुरागी और अरमान के भाई सलमान ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि दोनों की मौत के मामले में उनसे कई बातें छिपाई गई हैं।
उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच की मांग की।
भाषा सं ब्रजेन्द्र
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.