scorecardresearch
Sunday, 17 May, 2026
होमदेशअल्पसंख्यक अधिकारों और मीडिया स्वतंत्रता में गिरावट के आरोपों को मोदी सरकार ने खारिज किया

अल्पसंख्यक अधिकारों और मीडिया स्वतंत्रता में गिरावट के आरोपों को मोदी सरकार ने खारिज किया

जॉर्ज शनिवार शाम नीदरलैंड की राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय नीदरलैंड यात्रा को लेकर मीडिया से बात कर रहे थे.

Text Size:

द हेग: भारत ने मीडिया की आजादी में कमी और धार्मिक व अल्पसंख्यक अधिकारों के कमजोर होने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. भारत ने कहा कि देश एक “जीवंत लोकतंत्र” है, जहां सभी को अभिव्यक्ति की आजादी की गारंटी है.

यह बात विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कही. उन्होंने यह जवाब उस सवाल पर दिया, जिसमें डच प्रधानमंत्री रॉब जेटन की उन कथित टिप्पणियों का जिक्र था, जिनमें भारत में अभिव्यक्ति की आजादी में गिरावट पर चिंता जताई गई थी.

जॉर्ज शनिवार शाम नीदरलैंड की राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय नीदरलैंड यात्रा को लेकर मीडिया से बात कर रहे थे.

उन्होंने कहा, “हमसे यह सवाल इसलिए पूछा गया क्योंकि पूछने वाले को सही समझ नहीं है. भारत 1.4 अरब लोगों का देश है. यह दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है.” उन्होंने कहा कि भारत पांच हजार साल पुरानी सभ्यता वाला देश है.

आरोपों का जवाब देते हुए जॉर्ज ने भारत की सांस्कृतिक, धार्मिक और भाषाई विविधता का जिक्र किया. उन्होंने कहा, “भारत को देखिए, यह कितना खूबसूरत है. दुनिया में कोई दूसरा देश नहीं है जहां इतने धर्म पैदा हुए हों. हिंदू धर्म, बौद्ध धर्म, जैन धर्म और सिख धर्म. ये सभी धर्म भारत में पैदा हुए और आज भी यहां फल-फूल रहे हैं.”

उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े धर्मों को भारत में जगह मिली और वे यहां लगातार आगे बढ़ते रहे. उन्होंने कहा, “भारत शायद दुनिया के उन बहुत कम देशों में है जहां यहूदी समुदाय को कभी किसी तरह के उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़ा. यही भारत की खूबसूरती है.”

उन्होंने कहा, “ईसाई धर्म यीशु मसीह के पुनर्जीवित होने के तुरंत बाद भारत आया और आज भी यहां फल-फूल रहा है. आज भारत में 3 करोड़ से ज्यादा ईसाई हैं. ईसाई धर्म यूरोप से पहले भारत आया था.”

जॉर्ज ने आगे कहा, “इस्लाम पैगंबर मोहम्मद के समय में ही भारत आया था और यहां फलता-फूलता रहा.”

राजनयिक ने हाल में हुए विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है, जहां सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण इसकी खासियत है.

जॉर्ज ने कहा कि भारत ने लोकतांत्रिक सिद्धांतों से “समझौता” किए बिना आर्थिक सफलता हासिल की. उन्होंने कहा, “हमने गरीबी खत्म करने के लिए हिंसा का रास्ता नहीं चुना. हमने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए गरीबी दूर की.”

उन्होंने कहा, “हम दुनिया की कुल आबादी का छठा हिस्सा हैं, लेकिन दुनिया की समस्याओं का छठा हिस्सा नहीं हैं. यही भारत की खूबसूरती है, जिस पर हमें गर्व है. यहां हर अल्पसंख्यक आगे बढ़ रहा है.”

उन्होंने कहा, “जब हम आजाद हुए थे तब अल्पसंख्यकों की आबादी 11 प्रतिशत थी, अब यह 20 प्रतिशत से ज्यादा है.” उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत में सभी धर्मों के लोग खुशी से रहते हैं.


यह भी पढ़ें: पाकिस्तान टैक्टिकल रूप से मजबूत, पर स्ट्रैटेजिक तौर पर खुद को नुकसान पहुंचाता है. इसलिए बार-बार चूक करता है


 

share & View comments