scorecardresearch
Monday, 19 October, 2026
होमदेशटाइगर श्रॉफ पर फायरिंग: कोटा में 3 संदिग्ध हिरासत में, एक नाबालिग; मुंबई पुलिस को सौंपे जाएंगे

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग: कोटा में 3 संदिग्ध हिरासत में, एक नाबालिग; मुंबई पुलिस को सौंपे जाएंगे

महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस के यह कहने के कुछ ही समय बाद यह कार्रवाई हुई कि मुंबई पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर ली है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

Text Size:

नई दिल्ली: मुंबई के जुहू में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी के मामले में राजस्थान पुलिस ने सोमवार को एक नाबालिग समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पुलिस सूत्रों ने दिप्रिंट को बताया कि कोटा में पकड़े गए तीनों में वे दो संदिग्ध शूटर भी शामिल हैं, जिन्होंने रविवार रात श्रॉफ की गाड़ी पर पांच राउंड फायरिंग की थी.

श्रॉफ को इस हमले में कोई बड़ी चोट नहीं आई. हालांकि, उनके ड्राइवर फिरदोश समेत दो लोगों को हमले में लगी चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया. दूसरे घायल व्यक्ति की पहचान ऑटो ड्राइवर उमेश चौहान के रूप में हुई है.

सूत्रों के मुताबिक, नाबालिग हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. उन्होंने दूसरे संदिग्धों की पहचान उसी जिले के रेहान और बिहार के बेगूसराय जिले के ऋतिक कुमार के रूप में की है. बताया जा रहा है कि ऋतिक मुंबई में एक राइड-हेलिंग ऐप के लिए राइडर के तौर पर काम करता है.

राजस्थान पुलिस के एक अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया, “मुंबई पुलिस से पुणे-जयपुर एक्सप्रेसवे पर उनकी गतिविधियों के बारे में मिली जानकारी के आधार पर एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और कोटा जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें हिरासत में लिया. तय प्रक्रिया के अनुसार उन्हें मुंबई पुलिस को सौंप दिया जाएगा.”

यह कार्रवाई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के यह कहने के कुछ ही समय बाद हुई कि मुंबई पुलिस ने हमले के पीछे संदिग्धों की पहचान कर ली है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. राज्य में गृह विभाग भी संभालने वाले फडणवीस को गोलीबारी की घटना को लेकर विपक्ष की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा. इस दौरान भारत की वित्तीय राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रभावशाली लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए गए.

गोलीबारी शाम करीब 7 बजे जुहू में एक फुटबॉल ग्राउंड के बाहर हुई. घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक टेक्स्ट पोस्ट सामने आया, जिसमें जेल में बंद गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के नाम पर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. इसमें बॉलीवुड स्टार सलमान खान के साथ काम करने को लेकर भी धमकी दी गई. सलमान खान के घर को अप्रैल 2024 में इसी तरह के हमले का निशाना बनाया गया था.

घटना के तुरंत बाद वायरल हुई सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया, “जय महाकाल…जय श्री राम! हमारे सभी भाइयों को नमस्कार. आज टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, उसकी पूरी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधु लेते हैं. हमने फोन पर उसे चीजें समझाने की कोशिश की, लेकिन ऐसा लगता है कि वह समझ नहीं पाया, इसलिए आज हमने यह सुनिश्चित किया कि वह समझे. इसे चेतावनी समझें: मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी हमारी बात नहीं मानेगा या सलमान खान के साथ काम करना चुनेगा, अगला नंबर उसका होगा.”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: राखी सावंत के खिलाफ यूपी की अदालत ने गैर-जमानती वारंट क्यों जारी किया?


 

share & View comments