scorecardresearch
Sunday, 8 November, 2026
होमदेशकैलिफोर्निया में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई का खास सहयोगी हैरी बॉक्सर, भारत प्रत्यर्पण की तैयारी में

कैलिफोर्निया में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई का खास सहयोगी हैरी बॉक्सर, भारत प्रत्यर्पण की तैयारी में

बॉक्सर, जिस पर रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को निशाना बनाकर उनसे जबरन वसूली की कोशिश करने का आरोप है, उसके खिलाफ पूरे भारत में दर्जनों मामले चल रहे हैं. बॉक्सर, जो कभी पुलिसवाला या सैनिक बनना चाहता था, 2023 में भारत से भाग गया.

Text Size:

नई दिल्ली: इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस, कैलिफोर्निया में लगातार बदलते पतों की जानकारी और पासपोर्ट नंबर. राजस्थान पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने अमेरिका की इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) एजेंसी को ये जानकारियां दी थीं, जिनकी मदद से एजेंसी ने शनिवार को लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी हैरी बॉक्सर को हिरासत में लिया. सूत्रों के मुताबिक, भारतीय अधिकारी बॉक्सर को प्रत्यर्पित करने के लिए अपने अमेरिकी समकक्षों के संपर्क में हैं.

बॉक्सर के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, हरियाणा पुलिस, राजस्थान पुलिस, मध्य प्रदेश पुलिस, महाराष्ट्र पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस ने कई लुकआउट सर्कुलर जारी किए थे. उस पर बड़े पैमाने पर जबरन वसूली और गोलीबारी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है. बॉक्सर कभी पुलिसकर्मी या सैनिक बनना चाहता था, लेकिन 2023 में भारत से फरार हो गया था. जनवरी 2026 में उसे कुछ समय के लिए हिरासत में भी लिया गया था.

कौन है हैरी बॉक्सर?

हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर राजस्थान के चतरपुरा का रहने वाला है. वह पेशे से किसान गिरधारी लाल जाट का बेटा है. दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बॉक्सर ने बानसूर के एक कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था और पुलिस, सेना तथा कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी की थी.

बाद में उसने बॉक्सिंग करना शुरू किया और फिर कथित तौर पर संगठित अपराध की दुनिया में आ गया. अधिकारी ने कहा, “वह पेशेवर बॉक्सर था और जयपुर में बॉक्सिंग कोच के तौर पर काम करता था. इससे पहले उसने सरकारी नौकरी के लिए कई परीक्षाएं दी थीं, लेकिन पास नहीं कर पाया था.”

अधिकारी ने आगे कहा, “संगठित अपराध में उसकी भागीदारी बढ़ने के साथ ही उसके साधारण परिवार से आने वाले माता-पिता उससे दूरी बनाने लगे और आखिरकार उन्होंने उससे रिश्ता तोड़ लिया.”

सूत्रों के मुताबिक, बॉक्सर 2022 से फरार है और 2023 में विदेश भाग गया था. राजस्थान पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “बॉक्सर पासपोर्ट नंबर X6875815 का इस्तेमाल करके भारत से फरार हुआ था.” अधिकारी ने बताया, “हरि बॉक्सर पहले दुबई भागा, फिर डोमिनिकन रिपब्लिक गया और उसके बाद मेक्सिको की सीमा से ‘डंकी रूट’ के जरिए अमेरिका में दाखिल हुआ. वह कैलिफोर्निया में बस गया.”

गैंग में नेतृत्व का खालीपन पैदा होने के बाद बॉक्सर बिश्नोई के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक बन गया. अधिकारी ने कहा, “अनमोल (बिश्नोई के भाई) की गिरफ्तारी और गोल्डी बराड़ के गैंग छोड़ने के बाद नेतृत्व का संकट पैदा हो गया था. इसी दौरान बॉक्सर ने जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद देशभर में जबरन वसूली के बड़े मामलों में फोन पर धमकी देने और गोलीबारी की घटनाओं में उसका नाम सामने आने लगा.”

हैरी बॉक्सर के खिलाफ मामले

बॉक्सर पहली बार अगस्त 2025 में चर्चा में आया, जब कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे के बाहर हुई गोलीबारी की घटना से उसका नाम जुड़ा. घटना के बाद सामने आए एक ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर बॉक्सर ने इसकी जिम्मेदारी ली थी. इसके तुरंत बाद बॉक्सर ने फिल्म निर्माता, निर्देशकों और कलाकारों को सलमान खान के साथ काम न करने की धमकी दी. बिश्नोई गैंग की सलमान खान से 1998 के काले हिरण शिकार मामले को लेकर कथित दुश्मनी रही है.

उसने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक रोहित शेट्टी को भी कथित तौर पर धमकियां दी थीं. राजस्थान पुलिस के अधिकारी ने कहा, “उस समय रणवीर के मैनेजर को कई वॉयस नोट मिले थे, जिनमें बॉक्सर ने 20 करोड़ रुपये की मांग की थी. इससे पहले हमलावर मुंबई में शेट्टी के घरों के बाहर गोलीबारी कर चुके थे.” इसके बाद मुंबई पुलिस ने बॉक्सर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था.

राजस्थान में बॉक्सर के खिलाफ कम से कम 22 मामले दर्ज हैं. अधिकारी ने कहा, “इन मामलों में हत्या की कोशिश, जबरन वसूली, आर्म्स एक्ट का उल्लंघन, संगठित अपराध, चोरी और मारपीट शामिल हैं.” उन्होंने आगे कहा, “गैंग के सदस्यों तक हथियार पहुंचाने और आपराधिक कामों को अंजाम देने में उसकी अहम भूमिका रही है. गैंग के सदस्य अमीर कारोबारियों को व्हाट्सऐप और सिग्नल पर वीओआईपी (VPN) कॉल के जरिए धमकाकर उनसे पैसे वसूलते हैं. मांग पूरी नहीं होने पर वे लोगों या उनके परिवारों पर गोलीबारी करते हैं.”

दिल्ली में भी बॉक्सर के खिलाफ करीब 10 मामले दर्ज हैं. अगस्त 2025 में उसने कथित तौर पर दिल्ली के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये मांगे थे, जिसके बाद उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया था. जून 2026 में पश्चिम विहार में बॉलीवुड गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर हथियारबंद हमलावरों की गोलीबारी के बाद उसका नाम सामने आया था. इसी साल जून में उसके सहयोगियों ने कथित तौर पर हरियाणा के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल रेड्डू को उनके जिम के बाहर गोली मारी थी.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: अमेरिका-चीन की बदलती दोस्ती के बीच भारत की चुनौती, जयशंकर का फोकस घरेलू ताकत बढ़ाने पर


 

share & View comments