scorecardresearch
Sunday, 2 August, 2026
होमदेशजंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद CJP बनाएगी नई रणनीति, 5 अगस्त को अहम बैठक

जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद CJP बनाएगी नई रणनीति, 5 अगस्त को अहम बैठक

पांच अगस्त की बैठक के बाद कॉजपा प्रेसवार्ता करेगी जिसमें भविष्य की कार्ययोजना और आगे की रणनीति से जुड़े फैसलों की घोषणा की जाएगी.

Text Size:

छत्रपति संभाजीनगर: कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रमुख सदस्य पांच अगस्त को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बैठक करेंगे तथा संगठन की भविष्य की रणनीति और कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे. कॉजपा सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी.

सूत्रों के अनुसार, यह बैठक कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके के आवास पर होगी.

सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में एक महीने तक चले आंदोलन के बाद कॉजपा के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से कहा गया था कि वे कुछ समय अपने परिवार के साथ बिताएं.

उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रमुख सदस्यों से यह भी कहा गया था कि वे स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों से बातचीत करें तथा उनके विचार और सुझाव लेकर बैठक में पहुंचें.

सूत्रों के अनुसार, पांच अगस्त की बैठक के बाद कॉजपा प्रेसवार्ता करेगी जिसमें भविष्य की कार्ययोजना और आगे की रणनीति से जुड़े फैसलों की घोषणा की जाएगी.

इसी बीच, दीपके ने अपने आवास पर विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों और पड़ोसी जिले से आए आगंतुकों से मुलाकात की तथा बच्चों के साथ ‘मित्रता दिवस’ मनाया.

दिल्ली के जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के पेपर लीक मामले को लेकर कॉजपा के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों को देशभर की ‘जेन जेड’ पीढ़ी से जबरदस्त समर्थन मिला, जिसके चलते पिछले सप्ताह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा.


यह भी पढ़ें: मोदी की आधी रात वाली इंस्टा रील का एक शब्द, जिसने सब कुछ बता दिया


 

share & View comments