scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़: बस्तर दशहरा उत्सव में रथ की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, दूसरा घायल

छत्तीसगढ़: बस्तर दशहरा उत्सव में रथ की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, दूसरा घायल

Text Size:

जगदलपुर, 22 अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में चल रहे बस्तर दशहरा उत्सव के दौरान आठ पहियों वाले एक विशाल लकड़ी के रथ के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बुधवार रात गोल बाजार इलाके में सिरहासार भवन के पास हुई। उस समय ‘भीतर रैनी’ रस्म के तहत परिक्रमा से पहले, देवी दंतेश्वरी का पवित्र ‘छत्र’ रखने से पूर्व रथ को रस्सियों से खींचकर एक तरफ ले जाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि घटना के समय रथ पर ‘छत्र’ मौजूद नहीं था।

अधिकारियों ने बताया कि रथ को खींचते समय दो ग्रामीण अचानक इसके विशाल पहियों के नीचे आ गए।

अधिकारियों ने बताया कि उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका पैर बुरी तरह कुचल गया है।

उन्होंने आगे बताया कि घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए महारानी अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक दोनों व्यक्तियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से संपर्क कर रही है ताकि उनकी पहचान की जा सके और उनके परिवारों को सूचित किया जा सके।

यह रस्म 75 दिनों तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव का हिस्सा है, जो 12 अगस्त को शुरू हुआ था और 27 अक्टूबर को संपन्न होगा।

भाषा सं संजीव मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments