scorecardresearch
Saturday, 10 October, 2026
होमदेशक्या प्रदर्शन कर रहे छात्र चंबल के डकैत हैं: अभिजीत दीपके के माता-पिता

क्या प्रदर्शन कर रहे छात्र चंबल के डकैत हैं: अभिजीत दीपके के माता-पिता

राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए अभिजीत दीपके, यूट्यूबर ध्रुव राठी और करीब 500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेते हुए उन्हें जंतर-मंतर पहुंचने से रोक दिया गया.

Text Size:

छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र): कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके के माता-पिता ने सरकार पर लोकतंत्र का सम्मान नहीं करने का शनिवार को आरोप लगाया और अपने बेटे को हिरासत में लिए जाने एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या छात्र ‘‘चंबल के डकैत’’ हैं.

राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए अभिजीत दीपके, यूट्यूबर ध्रुव राठी और करीब 500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेते हुए उन्हें जंतर-मंतर पहुंचने से रोक दिया गया.

अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे समझ नहीं आता कि दिल्ली में इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल क्यों तैनात किया गया है? यह छात्रों का आंदोलन है. क्या चंबल के डकैत दिल्ली में इकट्ठा हुए हैं? डकैत तो संसद में बैठे हैं.’’

जब उनसे कहा गया कि प्रदर्शन बिना अनुमति के किया जा रहा था, तो उन्होंने कहा, ‘‘जब हर भारतीय को विरोध प्रदर्शन करने का कानूनी अधिकार है, तो अनुमति की जरूरत क्यों है? इसका मतलब है कि वे (सरकार) लोकतंत्र का पालन नहीं करते। जब यह प्रदर्शन सरकार को बेनकाब करने के लिए है, तो वह अपने खिलाफ प्रदर्शन की अनुमति कैसे देगी? यहां अनुमति का कोई सवाल ही नहीं है.’’

भगवान दीपके ने कहा कि वह अपने बेटे के साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए वह चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह है.’’

अभिजीत दीपके की मां अनीता दीपके ने भी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की.

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार का यह रवैया गलत है. इन लोगों ने ऐसा क्या किया है कि उन्हें उतरते ही विमान से ही हिरासत में लेना पड़ा? क्या पुलिस दुष्कर्म के आरोपियों के घर जाकर उन्हें गिरफ्तार करती है? ऐसा नहीं होता, लेकिन अभिजीत दीपके समेत इन लोगों को हिरासत में ले लिया गया, जबकि इसकी कोई जरूरत नहीं थी.’’

दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉजपा के प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर पर जुटने की कोशिश कर रहे करीब 500 प्रदर्शनकारियों को शनिवार को हिरासत में ले लिया.

नई दिल्ली इलाके में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. पुलिस प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है.

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.


यह भी पढ़ें: लैंडिंग के बाद करीब 2 दर्जन महिला पुलिसकर्मी दीपके की फ्लाइट में पहुंचीं, CJP फाउंडर समेत 3 हिरासत में


share & View comments