नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के कुछ ही देर बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन पदाधिकारियों—अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया.
दीपके, दास और रांका को तब हिरासत में लिया गया, जब वे अभी फ्लाइट के अंदर ही थे. करीब 2 दर्जन महिला पुलिसकर्मियों की एक टीम फ्लाइट के लैंड करने के बाद विमान के अंदर पहुंची और तीनों को बताया कि उनके प्रदर्शन के अनुरोध को मंजूरी नहीं दी गई है. दीपके ने पुलिसकर्मियों के साथ हुई बातचीत को रिकॉर्ड किया और इंस्टाग्राम लाइव पर दिखाया.
शनिवार को अब तक करीब 200 लोगों को हिरासत में लिया गया है. CJP और दूसरे संगठनों को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन आयोजित करने से रोकने के लिए पाबंदियां लगाई गई हैं. हिरासत में लिए गए लोगों में यूट्यूबर ध्रुव राठी और CJP की रत्ना सिंह भी शामिल हैं. इन्हें अस्थायी हिरासत केंद्रों में ले जाया गया है.
CJP के मुताबिक, राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से और CJP की लीगल सेल की प्रमुख सिंह को दिल्ली स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया. पार्टी के मुताबिक, दोनों के घरों को पुलिस की गाड़ियों ने घेर लिया था. पार्टी ने दावा किया कि उसकी नेता मेहर को भी सुबह-सुबह उनके घर से हिरासत में लिया गया.
CJP ने एक बयान में कहा, “ये गिरफ्तारियां (sic) चुनावी सूची में गड़बड़ियों को लेकर लोकतांत्रिक विरोध की आवाज़ को दबाने के लिए सरकार की ओर से पूरे शहर में चलाए जा रहे आक्रामक अभियान का हिस्सा हैं.”
पार्टी ने कहा, “CJP राठी और हिरासत में रखे गए सैकड़ों दूसरे नागरिकों और छात्र कार्यकर्ताओं की तुरंत और बिना किसी शर्त रिहाई की मांग करती है.”
दिप्रिंट ने हिरासत में लिए जाने के मामले पर टिप्पणी के लिए इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. हालांकि, गुरुग्राम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राठी को एहतियातन हिरासत में लिया गया है.
दिल्ली पुलिस विमान के अंदर
दीपके ने विमान के अंदर से एक वीडियो शेयर किया और बताया कि दिल्ली पुलिस के जवान फ्लाइट के अंदर आ गए हैं. वीडियो में दीपके को कहते सुना जा सकता है, “दिल्ली पुलिस के अधिकारी लाइन में खड़े हैं और यहां खड़े हैं. वे हमें विमान के अंदर से ही ले जाने की योजना बना रहे हैं.”
पुलिसकर्मियों को देखते ही दीपके, दास और रांका ने “इंकलाब जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारे लगाने शुरू कर दिए. इसके बाद विमान के अंदर पुलिसकर्मियों और CJP नेतृत्व के बीच हंगामा शुरू हो गया, जबकि दूसरे यात्री यह सब देख रहे थे.
दीपके ने कहा, “देश किस तरफ जा रहा है? वे हमें फ्लाइट के अंदर से ही गिरफ्तार करने आए हैं. इंदिरा गांधी (जिन्होंने आपातकाल लगाया था) ने भी ऐसा नहीं किया था. यह तानाशाही है.”
कई चश्मदीदों ने दिप्रिंट को बताया कि दिल्ली पुलिस तीनों को अलग बस में बैठाकर रनवे से ले गई.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने बयान में कहा कि वह “आज दिल्ली में लैंडिंग के तुरंत बाद CJP नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को उनकी फ्लाइट से ही हिरासत में लिए जाने” की निंदा करती है.
बयान में कहा गया, “दिल्ली पुलिस की ओर से पहले से तय तरीके से की गई यह कार्रवाई आज के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के नेताओं को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से पहले ही रोकने के लिए की गई है. CJP आवाजाही की स्वतंत्रता के इस खुले उल्लंघन की निंदा करती है और दीपके, दास और रांका की तुरंत और बिना किसी शर्त रिहाई की मांग करती है.”
“बड़े पैमाने पर हिरासत में लिए जाने” के बावजूद CJP ने कहा कि वह “अपने रुख पर मजबूती से कायम है.”
पार्टी ने कहा, “पार्टी इस बात पर जोर देती है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में होने वाला प्रदर्शन उसके नेतृत्व के साथ या उसके बिना जारी रहेगा.”
वकीलों को हिरासत में लिया गया
प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले नई दिल्ली को लगभग एक किले में बदल दिया गया है. बैरिकेड लगाए गए हैं, ड्रोन तैनात किए गए हैं, इंटरनेट बंद कर दिया गया है और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. नई दिल्ली जिले में रोक संबंधी पाबंदियां भी लागू हैं.
कई वकीलों ने शनिवार को प्रदर्शन से पहले सुप्रीम कोर्ट से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने का ऐलान किया था. हालांकि, उन्हें भी हिरासत में लिए जाने की खबर है. शनिवार सुबह जंतर-मंतर के प्रदर्शन स्थल पर जुटे दूसरे प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: नेहा बोरा का साहस काबिल-ए-तारीफ है, लेकिन उन्हें मसीहा न बनाएं