scorecardresearch
Friday, 24 July, 2026
होमदेशसोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में दो अकाउंट संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में दो अकाउंट संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Text Size:

नोएडा (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक सामग्री प्रसारित कर कानून व्यवस्था को प्रभावित करने और अराजकता फैलाने की कोशिश के आरोप में दो सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ बृहस्पतिवार को अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) शैव्या गोयल ने बताया कि पहला मामला इंस्टाग्राम पर संचालित ‘जंतर-मंतर लाइव 24 सच की बात जेन जेड’ नामक अकाउंट से जुड़ा है। इस अकाउंट से एक वीडियो साझा कर दावा किया गया कि नोएडा सेक्टर-63 में 45 हजार से अधिक श्रमिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, जिससे सेक्टर-63 और चिल्ला बॉर्डर पर यातायात प्रभावित है।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में यह दावा फर्जी साबित हुआ।

गोयल ने बताया कि दूसरा मामला इंस्टाग्राम के ‘चर्चा जंक्शन न्यूज और एक्स हैंडल ट्रूथफुल क्रिटिकल अकाउंट’ के खिलाफ दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन मंचों पर एक वीडियो साझा कर पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठाए गए और लोगों से इस पर प्रतिक्रिया देने की अपील की गई।

पुलिस के मुताबिक वीडियो की सत्यता, समय और घटनास्थल की पुष्टि किए बिना उसे इस तरह प्रस्तुत किया गया, जिससे पुलिस की छवि प्रभावित हो और लोगों के बीच गलत संदेश पहुंचे।

गोयल ने बताया कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने और लोगों को उकसाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा सं. धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments