नई दिल्ली: नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर जारी विरोध के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ 30 जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति के लिए रवाना हुए. उन्होंने कहा कि देश के छात्र अकेले नहीं हैं और पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि विपक्षी सांसद और नेता शांतिपूर्वक गांधी स्मृति जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह मार्च उन छात्रों को श्रद्धांजलि देने के लिए है जिन्होंने नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या की, और उन छात्रों के समर्थन में है जो न्याय की मांग करते हुए पुलिस कार्रवाई में घायल हुए.
No one can stop us from standing with the students of India.
भारत के छात्रों के साथ खड़े होने से हमें कोई नहीं रोक सकता। pic.twitter.com/ALypCpklbX
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 23, 2026
राहुल गांधी ने कहा, “भारत के छात्र अकेले नहीं हैं. पूरा विपक्ष उनकी मांगों के साथ खड़ा है.”
विपक्षी सांसद बस से गांधी स्मृति के लिए रवाना हुए. इस दौरान राहुल गांधी के आवास के बाहर भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग की गई. बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शन खत्म करने की अपील की.
भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को छात्रों की आवाज उठाने से रोकने के लिए “हाउस अरेस्ट” जैसा माहौल बनाया गया. उन्होंने कहा कि सरकार को पेपर लीक रोकने और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने पर ध्यान देना चाहिए.
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा, “जहां भी जाएंगे, यह देश हमारा है. पुलिस दिखाकर हमें डराया नहीं जा सकता.”
राहुल गांधी के आवास पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, पी. चिदंबरम, के.सी. वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सुप्रिया सुले, मीसा भारती, महुआ मोइत्रा, कल्याण बनर्जी, अरविंद सावंत समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे.
यह घटनाक्रम संसद में नीट-यूजी पेपर लीक मामले पर जारी गतिरोध के बीच सामने आया है. विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और राज्यसभा में नियम 267 के तहत चर्चा की मांग पर अड़ा है, जबकि केंद्र बिना किसी शर्त के चर्चा कराने की बात कह रहा है.
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन: BJP ने लगाया ‘विदेशी फंडिंग’ का आरोप, कांग्रेस बोली—नया स्क्रिप्ट राइटर ढूंढिए