scorecardresearch
Thursday, 23 July, 2026
होमदेशसंसद गतिरोध के बीच राहुल गांधी ने बुलाई कांग्रेस सांसदों की बैठक

संसद गतिरोध के बीच राहुल गांधी ने बुलाई कांग्रेस सांसदों की बैठक

संसदीय सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संसद की आगे की रणनीति और नीट-यूजी पेपर लीक मुद्दे पर विपक्ष के रुख पर चर्चा होगी.

Text Size:

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर जारी गतिरोध के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार शाम अपने आवास पर लोकसभा और राज्यसभा के कांग्रेस सांसदों की बैठक बुलाई है.

संसदीय सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संसद की आगे की रणनीति और नीट-यूजी पेपर लीक मुद्दे पर विपक्ष के रुख पर चर्चा होगी.

विपक्ष ने नीट-यूजी मामले पर चर्चा के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और राज्यसभा में नियम 267 के तहत चर्चा कराने की मांग रखी है. वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि वह इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन किसी भी तरह की पूर्व शर्त स्वीकार नहीं की जाएगी.

गुरुवार को राज्यसभा में नीट-यूजी मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि सरकार दोनों सदनों में NEET पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष शर्तें लगाकर चर्चा टालना चाहता है.

रिजिजू ने पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा का भी स्वागत किया. इस पर राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री का बयान भड़काऊ है और जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक विपक्ष चर्चा के लिए तैयार नहीं होगा.

इस बीच संसद परिसर के मकर द्वार पर गुरुवार को एनडीए और इंडिया गठबंधन के सांसदों ने आमने-सामने प्रदर्शन किया. लगातार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई.

share & View comments