इंदौर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर के लवकुश चौराहे पर बने राज्य के पहले डबल-लेयर फ्लाईओवर के एक हिस्से का उद्घाटन किया. करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर को उन्होंने आधुनिक तकनीक और बेहतर इंजीनियरिंग का उदाहरण बताया.
सीएम मोहन यादव ने कहा कि इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर ट्रैफिक को सुगम बनाएगा. खासकर सिंहस्थ-2028 को देखते हुए यह परियोजना काफी अहम है. इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी, ट्रैफिक जाम घटेगा और लोगों को सुरक्षित व सुविधाजनक सफर मिलेगा.
उन्होंने बताया कि इस फ्लाईओवर में तीन स्तर की ट्रैफिक व्यवस्था है. पहले स्तर पर लवकुश चौराहे का सामान्य ट्रैफिक चलेगा. दूसरे स्तर पर पहले से बना फ्लाईओवर और मेट्रो कॉरिडोर है, जबकि तीसरे स्तर पर नया डबल-लेयर फ्लाईओवर बनाया गया है. इससे चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा.
मुख्यमंत्री ने फ्लाईओवर का निरीक्षण भी किया और परियोजना में किए गए इंजीनियरिंग कार्य की सराहना की.
इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) द्वारा बनाए गए इस लगभग 1,450 मीटर लंबे फ्लाईओवर में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इसमें 400-400 टन वजनी दो स्टील बो-स्ट्रिंग गर्डर लगाए गए हैं, जिन्हें 22 मीटर की ऊंचाई पर स्थापित किया गया है. पूरे ढांचे में करीब 800 टन स्टील का उपयोग किया गया है.
फिलहाल फ्लाईओवर के पहले हिस्से के खुलने से अरविंदो अस्पताल से भंवरकुआं और बाणगंगा की ओर जाने वाला ट्रैफिक शुरू हो जाएगा. दूसरे हिस्से का निर्माण अंतिम चरण में है और इसे भी जल्द जनता के लिए खोल दिया जाएगा.