लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश, आकाशीय बिजली और इससे हुई जनहानि, पशुहानि तथा संपत्ति के नुकसान का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि जनहानि, पशुहानि और संपत्ति के नुकसान का तुरंत आकलन किया जाए और प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अधिकारी पीड़ित परिवारों के लगातार संपर्क में रहें और उन्हें हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराएं.
सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि आकाशीय बिजली गिरने के दौरान बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें. साथ ही भारी बारिश के समय नदियों और अन्य जलाशयों में नहाने से बचें और विशेष सावधानी बरतें.
इस बीच प्रदेश के कई जिलों में नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है. इनमें बागपत और गौतमबुद्ध नगर (हिंडन नदी), बदायूं (गंगा), अयोध्या और बलिया (घाघरा) तथा कुशीनगर (गंडक) शामिल हैं.
मुख्यमंत्री ने इससे पहले सोमवार को अनियमित बारिश की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा था कि जहां कम बारिश है वहां सूखे की आशंका और जहां अधिक बारिश है वहां बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए जिला स्तर पर अलग-अलग रणनीति बनाई जाए. उन्होंने कहा कि बाढ़ हो या सूखा, किसानों की फसल, आम लोगों की आजीविका और हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने कम वर्षा वाले जिलों में नहरों, जलाशयों, सरकारी नलकूपों और अन्य सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.
मौसम विभाग ने बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं सहित कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.
वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, अयोध्या, बाराबंकी, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, झांसी, ललितपुर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी कर भारी बारिश की संभावना जताई गई है.