(फाइल फोटो के साथ)
गुवाहाटी, आठ नवंबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को रविवार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका नेतृत्व और आदर्श जनसेवा के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
शर्मा ने कहा कि आडवाणी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नयी ऊंचाइयों को छुआ और उनकी रथयात्रा ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर में समर्थन जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आठ नवंबर 1927 को जन्मे भाजपा के वरिष्ठ नेता आडवाणी रविवार को 99 वर्ष के हो गए और उन्होंने अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश किया।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक, पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को उनके जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उनके नेतृत्व में पार्टी ने नयी ऊंचाइयों को छुआ और उनकी रथयात्रा ने राम जन्मभूमि पर मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए देशभर में समर्थन जुटाया।’’
शर्मा ने कहा कि आडवाणी का नेतृत्व, उनके आदर्श और लोगों के कल्याण के प्रति उनकी चिंता जनसेवा के मार्ग पर चलने वालों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना करता हूं कि वे आडवाणी को आगे भी स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दें।’’
भाषा सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.