scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशउमर अब्दुल्ला ने राज्य का दर्जा बहाल करने के ‘अधूरे वादे’ को लेकर BJP पर निशाना साधा

उमर अब्दुल्ला ने राज्य का दर्जा बहाल करने के ‘अधूरे वादे’ को लेकर BJP पर निशाना साधा

मुख्यमंत्री ने राजौरी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र नौशेरा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए विधायिकाओं में महिला आरक्षण को लागू करने के मुद्दे पर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरा.

Text Size:

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा अब तक ‘अधूरा’ है और इस मुद्दे पर सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है.

मुख्यमंत्री ने राजौरी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र नौशेरा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए विधायिकाओं में महिला आरक्षण को लागू करने के मुद्दे पर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरा.

अब्दुल्ला ने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं है. वे (भाजपा) कहते हैं ‘सही समय पर’. इस ‘सही समय’ का क्या मतलब है? मैं उनसे बार-बार पूछता हूं— हमें स्पष्ट बताएं. यदि आप कहते हैं कि यह आपका वादा है, आपने जुबान दी है, तो क्या आपकी जुबान की कोई कीमत नहीं है?’

उन्होंने कहा, ‘क्या हमें आपके वादों को इतना हल्का मान लेना चाहिए कि आप उन्हें हर जगह दोहराते हैं उच्चतम न्यायालय में, संसद में, रैली और चुनावों में और फिर पीछे हट जाते हैं?’

मुख्यमंत्री ने केंद्र से राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए एक स्पष्ट रूपरेखा बताने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा, ‘हमें बताएं कि यह ‘सही समय’ क्या है, ताकि हम उस दिशा में काम कर सकें. जिस तरह बच्चों की परीक्षा होती है, उन्हें पता होता है कि पास होने या प्रथम श्रेणी या ‘डिस्टिंक्शन’ के लिए कितने अंक चाहिए. इसी तरह, हमें बताएं कि वे कौन सी शर्तें हैं, जिन्हें पूरा करने पर हम उस लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं.’

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी सरकार प्रतिबद्धताओं को पूरा कर रही है.

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.


share & View comments