कानपुर (उप्र), 19 अप्रैल (भाषा) कानपुर जिले के नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित अपने फ्लैट में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी नाबालिग जुड़वां बेटियों की रविवार तड़के धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार तड़के नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में हुई। आरोपी की पहचान शशि रंजन मिश्रा (48) के रूप में हुई है, जो मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है। उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में मिश्रा अपनी पत्नी रेशमा, 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों और छह वर्षीय बेटे के साथ रहता था।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) को सुबह लगभग साढ़े चार बजे जुड़वां बहनों की हत्या की सूचना मिली। फ्लैट पर पहुंचने पर, पीआरवी कर्मियों ने दोनों लड़कियों को खून से लथपथ मृत पाया, जबकि आरोपी अंदर मौजूद था।’
पुलिस ने बताया कि मूल रूप से बिहार के रहने वाले मिश्रा ने खुद घटना की सूचना दी। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
लाल ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया पिता मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है, जांच जारी है।’
उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए हैं, साथ ही खोजी कुत्तों की एक टुकड़ी को भी बुलाया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लड़कियों पर उस समय हमला किया गया जब वे गहरी नींद में सो रही थीं। मकसद अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस घर के अंदर हुई इस घटना के क्रम की भी जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि उस समय मौजूद मां रेशमा को अपराध की जानकारी कैसे हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि रेशमा सदमे में है और उनसे अभी तक पूछताछ नहीं की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.