scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशअजित पवार की मृत्यु मामले में प्राथमिकी दर्ज करने में कोई देरी नहीं हुई: मंत्री

अजित पवार की मृत्यु मामले में प्राथमिकी दर्ज करने में कोई देरी नहीं हुई: मंत्री

Text Size:

मुंबई, 25 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री योगेश कदम ने बुधवार को कहा कि राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने में कोई देरी नहीं हुई और न ही संबंधित जांच में कोई लापरवाही बरती गई।

महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री कदम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) विधायक रोहित पवार द्वारा दावा किये जाने के एक दिन बाद यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें पड़ोसी राज्य कर्नाटक में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज करानी पड़ी क्योंकि महाराष्ट्र पुलिस ने उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया था।

कदम ने कहा कि ऐसे मामलों में पहले दुर्घटनावश मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज की जाती है, उसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जाती है।

उन्होंने कहा, “यह गलत संदेश जा रहा है कि हम प्राथमिकी दर्ज नहीं करना चाहते। हम भी चाहते हैं कि इस मामले में न्याय हो। पार्टी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के लाखों कार्यकर्ता हैं जिनके मन में सवाल हैं। लेकिन इस जांच में कोई देरी या लापरवाही नहीं बरती जा रही है।”

अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने मंगलवार को विधानसभा में आरोप लगाया कि महाराष्ट्र पुलिस 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे के संबंध में कथित लापरवाही के लिए प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है और मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने में भी देरी हो रही है।

रोहित पवार ने कहा कि उन्होंने कर्नाटक में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज करायी, जिसे मंगलवार को महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया।

भाषा

अमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments