नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो करोड़ रुपये मूल्य की एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, उनकी गिरफ्तारी के साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी के बीच संचालित होने वाले मादक पदार्थों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान फईम बेग (29), कयूम खान (33) और आमिर खान (28) के रूप में हुई है। उसने बताया कि सभी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी उस नेटवर्क का हिस्सा थे, जो दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के शामली और सहारनपुर सहित कई जिलों में हेरोइन के निर्माण और आपूर्ति में शामिल था।’
पुलिस ने बताया कि 22 फरवरी को सूचना मिली कि बेग, पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार रेलवे भूमिगत पार पथ के पास हेरोइन की खेप पहुंचाएगा, जिसके बाद यह अभियान शुरू किया गया। सूचना के आधार पर एक टीम ने जाल बिछाया और इलाके में छापेमारी की।
अधिकारी ने बताया, ‘बेग और कयूम खान को भूमिगत पार पथ के नजदीक से पकड़ा गया और उनके पास से 101 ग्राम व 601 ग्राम वजन के हेरोइन के दो पैकेट बरामद किए गए।’
मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान बेग ने बताया कि वह बरेली स्थित अपने पैतृक गांव में अपने साथियों से हेरोइन प्राप्त करता था और उसे दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ शामली व सहारनपुर में सक्रिय तस्करों को आपूर्ति करता था।
इसके बाद टीम ने उत्तर प्रदेश में और छापेमारी करके 27 फरवरी को आमिर खान को गिरफ्तार कर लिया। उससे मिली जानकारी के आधार पर उसके परिवार की कृषि भूमि से 301 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
अधिकारी ने बताया, ‘इसके साथ ही इस मामले में बरामद की गई हेरोइन की कुल मात्रा एक किलोग्राम से अधिक हो गई है, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य लगभग दो करोड़ रुपये है।’
उन्होंने बताया कि इस गिरोह में आमिर खान ने अहम भूमिका निभाई और वह अपने सूत्रों से हेरोइन प्राप्त करके उसे कुरियर के माध्यम से दिल्ली सहित विभिन्न शहरों में वितरित करता था।
पुलिस ने बताया कि खान पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े तीन मामलों में शामिल था। पुलिस के अनुसार, बेग से कयूम खान बड़ी मात्रा में हेरोइन खरीदता था और उसे उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बेचता था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करके उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.