scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेश‘तुष्टिकरण से बंगाल का विकास नहीं’: शाह का ममता सरकार पर हमला, परिवारवाद और भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

‘तुष्टिकरण से बंगाल का विकास नहीं’: शाह का ममता सरकार पर हमला, परिवारवाद और भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

भाजपा इस अभियान के जरिए भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, अवैध घुसपैठ और राज्य में कानून-व्यवस्था के मुद्दों को उठाते हुए विकास और रोजगार के वादों पर जोर दे रही है.

Text Size:

दक्षिण 24 परगना (पश्चिम बंगाल): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार तुष्टिकरण की राजनीति, भ्रष्टाचार और वित्तीय कुप्रबंधन में लगी है.

मथुरापुर में ‘परिवर्तन यात्रा सभा’ को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि हाल ही में विधानसभा में पारित बजट में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए 80 करोड़ रुपये रखे गए, जबकि मदरसों के लिए 5,700 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया. उन्होंने सवाल किया कि “टीएमसी का एजेंडा क्या है? उन्हें हमारे बेटा-बेटियों की चिंता नहीं है, वे सिर्फ मदरसों की चिंता करते हैं. तुष्टिकरण से बंगाल का विकास नहीं हो सकता.”

शाह ने आरोप लगाया कि आज बंगाल पर 8 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और राज्य में जन्म लेने वाले हर बच्चे पर 77,000 रुपये का कर्ज हो जाता है. उन्होंने कहा कि देश में बंगाल का नाम लेते ही भ्रष्ट सरकार की छवि बनती है.

उन्होंने शिक्षक भर्ती घोटाला, एसएससी घोटाला, नगर निगम भर्ती घोटाला, मनरेगा और पीएम आवास योजना में घोटालों का ज़िक्र करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. शाह ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री उन मामलों के लिए जिम्मेदार डीजीपी राजीव कुमार को राज्यसभा भेज रही हैं.

सीएए और घुसपैठ पर बयान

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का ज़िक्र करते हुए शाह ने कहा कि अगर ममता बनर्जी ने इसका विरोध नहीं किया होता तो हर बांग्लादेशी शरणार्थी को नागरिकता मिल जाती. उन्होंने हिंदू शरणार्थियों को भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार उनके साथ है और किसी की नागरिकता नहीं जाएगी.

घुसपैठ और मंदिर राजनीति के मुद्दे पर शाह ने कहा कि वोट बैंक के लिए बंगाल को घुसपैठियों से भर दिया गया. उन्होंने राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने मंदिर बनाए, जबकि टीएमसी ने कुछ नहीं किया.

एक अन्य सभा में शाह ने ममता बनर्जी पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि टीएमसी जनता के बजाय अभिषेक बनर्जी के हित में काम कर रही है और उन्हें मुख्यमंत्री बनाना चाहती है.

उन्होंने युवाओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि “टीएमसी की सूची में आपका नाम नहीं हो सकता, आपका नाम केवल नरेंद्र मोदी की पार्टी की सूची में हो सकता है. भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो परिवार की राजनीति नहीं करती.”

शाह ने चेतावनी दी कि अगर टीएमसी को फिर वोट दिया गया तो “ममता दीदी नहीं, ‘भाइपो’ राज करेगा.”

पंचायत चुनावों में हुई कथित हिंसा का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हुए और कई लोगों की जान गई. उन्होंने कहा कि भाजपा डरने वाली नहीं है.

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

‘परिवर्तन यात्रा’ 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा अभियान है. यह 5,000 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा होगी, जिसमें 63 बड़ी रैलियां और 282 छोटी सभाएं होंगी. इसका समापन कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के साथ होगा.

भाजपा इस अभियान के जरिए भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, अवैध घुसपैठ और राज्य में कानून-व्यवस्था के मुद्दों को उठाते हुए विकास और रोजगार के वादों पर जोर दे रही है.

share & View comments