नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने बुधवार को कहा कि विभिन्न श्रेणियों में कांस्टेबल की नियुक्ति के लिए आंतरिक भर्ती प्रक्रिया हमेशा केवल हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में आयोजित की जाती है और इसमें दक्षिणी राज्यों के उम्मीदवारों के शामिल होने को लेकर ‘‘कभी कोई समस्या नहीं आई।’’
देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल का यह बयान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन द्वारा हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखे उस पत्र के संदर्भ में आया है, जिसमें स्टालिन ने इस कंप्यूटर आधारित परीक्षा में तमिल भाषा को शामिल नहीं किये जाने का विरोध किया था।
स्टालिन ने अपने पत्र में कहा है कि अधिसूचना में केवल अंग्रेजी और हिंदी में ही परीक्षा आयोजित करने का कदम ‘‘भेदभावपूर्ण’’ और ‘‘एकपक्षीय’’ है।
कर्नाटक के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने भी इस परीक्षा को केवल हिंदी और अंग्रेजी में आयोजित करने के कदम का विरोध किया था और सवाल किया था कि इसे कन्नड़ में भी क्यों नहीं आयोजित किया जा रहा है।
सीआरपीएफ ने विभिन्न श्रेणी में कुल 9,212 कांस्टेबल (टेक्निकल एवं ट्रेड्समेन) भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। सुरक्षा बल जनरल ड्यूटी कांस्टेबल की भर्ती कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के सहयोग से करता है ।
सीआरपीएफ के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा केवल हिंदी और अंग्रेजी में आयोजित की जाती है। सीआरपीएफ ने आंतरिक भर्ती के लिए कभी भी क्षेत्रीय भाषाओं में लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की है।’’
भाषा शफीक रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.