काठमांडू, 16 जुलाई (भाषा) भारत और नेपाल के अधिकारियों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर बृहस्पतिवार को चर्चा की तथा विभिन्न क्षेत्रों में जारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
भारत के विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुनु महावर ने सिंहदरबार में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार बैठक के दौरान उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रों में नेपाल और भारत के बीच ‘घनिष्ठ और स्थायी संबंधों’ को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
नेपाल में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-नेपाल सहयोग पर रचनात्मक चर्चा की और इस साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।’’
महावर ने इससे पहले विदेश मंत्रालय में विदेश सचिव अमृत बहादुर राय से मुलाकात की।
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि बैठक के दौरान उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में साझा एजेंडे को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
भाषा
देवेंद्र संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.