कोलंबो, 13 नवंबर (भाषा) भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को बताया कि भारत, पिछले साल आए चक्रवात ‘दित्वा’ के बाद श्रीलंका में पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 22.5 करोड़ श्रीलंकाई रुपये की अनुदान सहायता देने पर सहमत हो गया है। भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी दी।
यह घोषणा, यहां दौरे पर आए स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा और उनके श्रीलंकाई समकक्ष नलिनदा जयतिस्सा के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद की गई।
अनुदान सहायता के जरिए कम से कम 50 ‘स्वास्थ्य कियोस्क’ और स्वास्थ्य एटीएम उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्वास्थ्य कियोस्क सार्वजनिक या चिकित्सीय स्थानों पर रखे गए ऐसे स्वचालित और ‘संवादात्मक स्वयंसेवा डिजिटल उपकरण होते हैं, जिनकी मदद से लोग बिना किसी कर्मचारी की सहायता के अपनी स्वास्थ्य जांच करा सकते हैं या अस्पताल की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उच्चायोग ने कहा, “स्वास्थ्य कियोस्क/स्वास्थ्य एटीएम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इनसे आवश्यक जांच सुविधाओं तक पहुंच बेहतर होगी, खासकर ग्रामीण और कम सुविधा वाले इलाकों में।”
इसमें आगे कहा गया, “ये बीमारियों का जल्द पता लगाने में भी मदद करेंगे और सरकारी अस्पतालों पर बोझ कम करेंगे।”
भारतीय मिशन ने बताया कि भारत ने बुधवार को श्रीलंका के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत 52.8 लाख अमेरिकी डॉलर की अनुदान सहायता से श्रीलंका की आपातकालीन सेवा के लिए 100 अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी।
नड्डा मंगलवार को श्रीलंका पहुंचे और बुधवार को कोलंबो में होने वाली बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक में भाग लेंगे।
बहु-क्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल (बिम्सटेक) सात देशों – बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमा, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड – का एक क्षेत्रीय समूह है।
श्रीलंका में 28 नवंबर, 2025 को दस्तक देने वाले चक्रवात ‘दित्वा’ के कारण 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 22 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए।
इसकी वजह से देश के सभी 25 जिलों में भीषण बाढ़ और भूस्खलन हुआ।
भाषा
प्रशांत माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.