चंडीगढ़: नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026 आयोजित किया जाएगा. इस मेले में हरियाणा का पवेलियन खास आकर्षण का केंद्र रहेगा. ‘विकास और विरासत’ की थीम पर तैयार किए गए इस पवेलियन में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास की यात्रा की झलक देखने को मिलेगी.
पवेलियन में हरियाणा की संस्कृति के साथ-साथ प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास को भी दिखाया जाएगा. इसके अंदर एक बड़ा खुला आंगन बनाया गया है, जिसके चारों ओर प्रदर्शनी क्षेत्र तैयार किया गया है. पवेलियन की खास पहचान पारंपरिक हरियाणवी चौपाल होगी. गांव के माहौल में बनाई गई इस चौपाल में ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलेगी. यह चौपाल हरियाणा में लोगों के आपसी मेलजोल, मिलकर काम करने और भाईचारे की परंपरा को दिखाएगी. इससे मेले में आने वाले लोगों को प्रदेश के ग्रामीण जीवन और सांस्कृतिक मूल्यों को समझने का मौका मिलेगा.
ट्रेड फेयर अथॉरिटी ऑफ हरियाणा के सीनियर मैनेजर अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि पवेलियन में तकनीक को भी खास जगह दी गई है. डिजिटल स्क्रोलर और एलईडी दीवारों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में हरियाणा की उपलब्धियों और प्रगति को दिखाया जाएगा. कायनेटिक इन्फॉर्मेशन वॉल के जरिए हरियाणा के विकास की कहानी को चलते हुए दृश्यों के रूप में पेश किया जाएगा.
आगंतुकों के लिए एआई आधारित सेल्फी बूथ और एआर आधारित सेल्फी बूथ भी लगाए गए हैं. यहां लोग डिजिटल माहौल के साथ जुड़कर अपनी यादगार तस्वीरें ले सकेंगे. इसके अलावा इंटरैक्टिव डिजिटल क्विज के जरिए लोग हरियाणा के इतिहास, संस्कृति, उपलब्धियों और विकास के बारे में रोचक जानकारी हासिल कर सकेंगे.
सीनियर मैनेजर अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि पवेलियन में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन और हरियाणा में तेजी से हो रहे विकास को आकर्षक तरीके से दिखाया जाएगा. इसके साथ ही खेलों में अपनी पहचान बनाने वाले हरियाणा की तस्वीर भी देखने को मिलेगी.
उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को व्यापार मेले में हरियाणा डे मनाया जाएगा. इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल होंगे. इस दौरान हरियाणवी लोक नृत्य और दूसरी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में मेले में पहुंचें और हॉल नंबर-5 में बने हरियाणा पवेलियन को जरूर देखें.
अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि पवेलियन के चारों ओर हरियाणा सरकार के अलग-अलग विभागों, बोर्डों, निगमों और सहभागी संस्थाओं के लिए प्रदर्शनी स्थल बनाए गए हैं. डिस्प्ले पैनल, डिजिटल स्क्रोलर, सूचना बोर्ड और उत्पादों के प्रदर्शन के जरिए यहां प्रदेश की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं की जानकारी दी जाएगी.
इसके साथ ही एक अलग प्रदर्शनी के जरिए हरियाणा की निर्यात क्षमता, उद्योगों, सामान बनाने की ताकत और देश-विदेश के बाजारों में प्रदेश की बढ़ती मौजूदगी को भी दिखाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि पवेलियन में शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को अपने उत्पाद दिखाने और बेचने के लिए जगह दी गई है. यहां कुल 10 शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों के साथ 22 एमएसएमई ने अपने स्टॉल लगाए हैं.
उद्यमियों ने टेराकोटा मिट्टी के बर्तन, कृत्रिम आभूषण, जैविक और हर्बल उत्पाद, फुलकारी, जिम के उपकरण, कांच के खिलौने, खेलों में पहने जाने वाले कपड़े, परफ्यूम, कपड़े और हरियाणा के लोकप्रिय व्यंजन प्रदर्शित किए हैं.
इसके अलावा एक शिल्पकार को प्लास्टिक के कचरे से पर्यावरण के अनुकूल चित्र बनाने का लाइव प्रदर्शन करने के लिए भी मंच दिया गया है.