नई दिल्ली: मणिपुर में एक महिला की मौत और तीन अन्य लोगों के घायल होने की घटना के एक दिन बाद, उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में चार नागा लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी.
शुक्रवार सुबह हुई हिंसा से एक दिन पहले, गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी जिले के ताफू कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास गोलीबारी हुई थी. दिप्रिंट ने इसकी खबर दी थी. इस घटना में कुकी समुदाय की एक महिला की मौत हो गई थी और दो अन्य लोग घायल हुए थे. इसके कुछ घंटे बाद, दोपहर करीब 3 बजे, संदिग्ध कुकी लोगों ने उखरुल जिले के सिनाकीथेई गांव में धान के खेत में काम कर रहे नागा किसानों पर गोलीबारी की थी. इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया था. यह गांव सेनापति और कांगपोकपी, दोनों जिलों की सीमा से लगा हुआ है.
मणिपुर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया, “संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने उखरुल जिले के न्यू हेवन गांव के पास आम लोगों की गाड़ियों पर घात लगाकर हमला किया. इनमें एक बोलेरो कैंपर और एक स्विफ्ट डिजायर थी.”
उन्होंने बताया कि इस हमले में दोनों गाड़ियों में सवार दो-दो लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. उनके मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे हुई.
पुलिस ने मरने वालों की पहचान कपांगखुई आर.एस. और हौलीला आर.एस. के रूप में की है. दोनों शांगशक गांव के रहने वाले थे और मां-बेटे थे. इसके अलावा अगस्त नगलुंग और खानमिला की भी मौत हुई है. दोनों भाई-बहन थे और ताशार गांव के रहने वाले थे.
मणिपुर मई 2023 से जातीय हिंसा का सामना कर रहा है. उस समय राज्य के तीन प्रमुख समुदायों में से दो- मैतेई और कुकी समुदायों के बीच पहली बार हिंसा भड़की थी. पिछले साल फरवरी में तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति शासन लगाया गया था, जिसके बाद कुछ समय के लिए हिंसा कम हो गई थी. इस साल फरवरी में राष्ट्रपति शासन खत्म होने और युमनाम खेमचंद सिंह के मुख्यमंत्री बनने के बाद तनाव एक बार फिर बढ़ गया.
इस बार जातीय हिंसा का रुख मैतेई और कुकी समुदायों से बदलकर कुकी और नागा समुदायों के बीच हो गया है. 2023 से अब तक तीनों समुदायों के 300 से ज्यादा लोग हिंसा में मारे जा चुके हैं और 60,000 से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है. नागा और कुकी समूहों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. मणिपुर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कुछ पहाड़ी जिलों में नागा और कुकी, दोनों समुदायों की मिली-जुली आबादी है. ऐसे इलाकों में सुरक्षा बलों के लिए कुकी-नागा झड़पों को रोकना कई बार चुनौती बन जाता है.
दिप्रिंट ने नागा यूनाइटेड काउंसिल और नागा पीपल्स नेटवर्क फोरम से टेक्स्ट मैसेज और फोन कॉल के जरिए इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी है. जवाब मिलने पर इस खबर को अपडेट किया जाएगा.
उखरुल में कुकी केएसओ वर्किंग कमेटी ने एक बयान जारी कर कहा कि इस घटना की बिना किसी भेदभाव के कड़ी निंदा की जानी चाहिए, चाहे इसमें शामिल लोगों का समुदाय या पहचान कुछ भी हो. कमेटी ने यह भी कहा कि कुकी-जो समुदाय “न्यू हेवन में हुए घात लगाकर किए गए हमले में किसी भी तरह की भूमिका से साफ इनकार करता है और विश्वसनीय और जांचे जा सकने वाले सबूतों के बिना उसे इस घटना में शामिल करने की किसी भी कोशिश को पूरी तरह खारिज करता है.”
कमेटी ने चेतावनी दी कि “इस दुखद घटना का इस्तेमाल सांप्रदायिक कहानियां गढ़ने, किसी पूरे समुदाय को दोषी ठहराने या किसी निर्दोष समुदाय के खिलाफ कार्रवाई को सही ठहराने के लिए नहीं किया जाना चाहिए.”
बयान में कहा गया, “हमलावरों की पहचान, हमले के पीछे की वजह और उनके संभावित संबंधों की पूरी जांच होनी चाहिए. इसमें एनएससीएन के अलग-अलग गुटों के बीच चल रहे अंदरूनी संघर्ष से किसी भी तरह के संबंध की जांच भी शामिल होनी चाहिए. जिम्मेदारी सबूतों के आधार पर तय की जानी चाहिए, न कि अंदाजों या किसी समुदाय को आसानी से दोषी ठहराने के आधार पर.”
कमेटी ने यह भी कहा कि उसे इस बात की “गहरी आशंका” है कि इस घटना को एक बार फिर “कुकी-जो आबादी वाले इलाकों में तलाशी, हिरासत में लेने, डराने-धमकाने या सुरक्षा अभियान चलाने के बहाने” के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: वीरमणि POCSO मामले में SIT ने चेन्नई के पूर्व पुलिस कमिश्नर ए. अरुण समेत 7 अधिकारियों को नामजद किया