scorecardresearch
Friday, 13 November, 2026
होमफीचरRJD शासन को ‘जंगलराज’ कहने वाली मैथिली ठाकुर के पिता पर ज़मीन कब्जाने के आरोप

RJD शासन को ‘जंगलराज’ कहने वाली मैथिली ठाकुर के पिता पर ज़मीन कब्जाने के आरोप

गांव के लोगों ने धार्मिक स्थलों, सरकारी जमीन, सड़कों और निजी संपत्ति पर कब्जे की शिकायत करते हुए अंचल अधिकारी आलोक कुमार को भी पत्र लिखा. उन्होंने विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर आरोप लगाए हैं.

Text Size:

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की विधायक मैथिली ठाकुर बिहार की पिछली राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सरकार की बार-बार आलोचना करती रही हैं. उनका कहना था कि उस समय लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डरते थे. अब जब मैथिली ठाकुर के पिता पर ज़मीन पर कब्जा करने के आरोप लग रहे हैं, तो जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने विधायक को उनके पुराने बयानों की याद दिलाई है.

स्थानीय खबरों के मुताबिक, हाल के दिनों में मैथिली ठाकुर के परिवार ने भी बिहार में जमीन घोटालों के मुद्दे पर बयान दिए थे. अब दरभंगा जिला प्रशासन ने विधायक के पिता के खिलाफ कार्रवाई की है.

गुरुवार को उप समाहर्ता भूमि सुधार (DCLR) और अंचल कार्यालय की टीम कब्जे वाली जगह पर पहुंची. वहां जमीन की नपाई करने के बाद दरभंगा में किए गए अवैध निर्माण को हटा दिया गया.

DCLR अजय कुमार ने बताया कि उन्हें गांव के लोगों से तीन शिकायतें मिली थीं. इनमें से एक शिकायत सरकारी जमीन पर कब्जे से जुड़ी थी और दो निजी जमीन पर कब्जे को लेकर थीं.

बताया जाता है कि गांव के लोगों ने अंचल अधिकारी आलोक कुमार को भी पत्र लिखकर धार्मिक स्थलों, सरकारी जमीन, सड़कों और निजी संपत्ति पर कब्जे की शिकायत की थी.

7 सितंबर को अंचल अधिकारी (CO) को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता गगन कुमार मिश्रा ने लिखा कि विधायक मैथिली ठाकुर के पिता ने जमीन पर कब्जा किया है.

मिश्रा की शिकायत में लिखा था, “जब मैं कब्जा हटाने के लिए कहता हूं, तो रमेश ठाकुर मुझे अलग-अलग तरह के झूठे कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी देते हैं.”

गुरुवार को सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में मजदूरों ने पोखरभिंडा गांव में सरकारी सड़क से कब्जा हटाया. गांव के लोगों की शिकायत के बाद प्रशासन ने विवादित जगह की नापी की थी. इसमें सार्वजनिक सड़क पर ईंटों से निर्माण और डिवाइडर बनाए जाने की बात सामने आई थी. प्रशासन ने सड़क के इस हिस्से को कब्जे से मुक्त करा दिया.

हालांकि, निजी जमीन पर कब्जे के आरोपों को लेकर कोई कार्रवाई किए जाने की जानकारी नहीं मिली है. अधिकारियों ने बताया कि वे अभी जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज़ की जांच कर रहे हैं और जमीन की नापी कर रहे हैं.

बताया जाता है कि मैथिली ठाकुर के पिता ने हाल ही में अपने गांव में जमीन का एक टुकड़ा खरीदा था. गांव के लोगों का आरोप है कि उन्होंने अपनी जमीन की सीमा से बाहर की जमीन पर भी कब्जा कर लिया.

‘आरोप बेबुनियाद’

विधायक मैथिली ठाकुर ने गुरुवार को अपने पिता पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया.

ठाकुर ने कहा, “हमारे परिवार पर लगाए गए ये झूठे आरोप बेबुनियाद हैं. यह सुनकर मुझे बहुत दुख होता है कि लोग इस तरह की बातें लिख रहे हैं. अगर इसमें कोई सच्चाई है, तो स्थानीय अंचल अधिकारी से पूछिए. अगर कोई आरोप लगा रहा है, तो उसका आधार क्या है? उसे साबित कीजिए. मुझे इस बात की बहुत चिंता है कि लोग इतनी कड़ी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. आखिर इसका आधार क्या है? बेबुनियाद अफवाहें फैलाई जा रही हैं.”

तेज प्रताप यादव ने भी जमीन घोटाले के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.

यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मीडिया में रमेश ठाकुर पर जमीन पर कथित रूप से कब्जा करने और करोड़ों रुपये की संपत्ति जमा करने के जो आरोप सामने आ रहे हैं, वे बेहद गंभीर हैं. मैं बिहार सरकार और संबंधित जांच एजेंसियों से मांग करता हूं कि इस पूरे मामले की तुरंत निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके.”

उन्होंने मैथिली ठाकुर और उनके पिता की भजन गायक वाली पहचान पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उनसे सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की भी उम्मीद की जाती है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: रामपुर से गिरफ्तारी के 2 हफ्ते बाद, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए ED आज़म खान को दिल्ली लाई


 

share & View comments