लखनऊ: अनुशासनहीनता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) ने उत्तर प्रदेश (पूर्वी) इकाई के 68 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इनमें प्रयागराज के पांच पदाधिकारी भी शामिल हैं. इन सभी पर नई दिल्ली में पार्टी की रैली में शामिल नहीं होने के कारण कार्रवाई की गई है. यह जानकारी एक आधिकारिक निलंबन आदेश में दी गई है.
अनुशासनहीनता के मामले में यह कार्रवाई IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर की गई है. 12 नवंबर को जारी आदेश पर उत्तर प्रदेश पूर्वी यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विशाल सिंह और राज्य सह-प्रभारी नरसिम्हा यादव पेड्डागोल्ला के हस्ताक्षर हैं.
आदेश में कहा गया है, “दिल्ली में हुए कार्यक्रम में आपकी गैरमौजूदगी को गंभीरता से लेते हुए IYC नेतृत्व ने नीचे दिए गए पदाधिकारियों को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला किया है.”
यूथ कांग्रेस की ओर से जारी तीन पन्नों की सूची के मुताबिक, निलंबित पदाधिकारियों में राज्य के तीन उपाध्यक्ष, 33 महासचिव, 18 सचिव, एक संयुक्त सचिव, 12 जिला युवा कांग्रेस (DYC) अध्यक्ष और एक सोशल मीडिया समन्वयक शामिल हैं.
निलंबित किए गए तीन राज्य उपाध्यक्षों के नाम जितेश के. मिश्रा, विजय लक्ष्मी चौबे और अजीत खैरवार हैं. संयुक्त सचिव ललित निषाद और सोशल मीडिया समन्वयक सत्यम पांडेय को भी निलंबित किया गया है.
कार्रवाई का सामना कर रहे 12 जिला युवा कांग्रेस अध्यक्षों में यश मिश्रा बंटी (बलिया), सुधीर यादव (बस्ती), माधवेंद्र मूर्ति ओझा (चंदौली), अंकुर शुक्ला (कौशांबी), शर्वेंद्र कुमार खरवार (कुशीनगर), अफसर अहमद (मऊ), अंशु कुमार पांडेय (मिर्जापुर), सौरभ पांडेय (प्रयागराज), श्रवण कुमार (संत कबीर नगर), पंकज चतुर्वेदी (सिद्धार्थनगर), विकास सिंह (वाराणसी) और शुभम शुक्ला (महराजगंज) शामिल हैं.
खास बात यह है कि दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई के दायरे में आए 68 पदाधिकारियों में से पांच प्रयागराज के हैं.
इससे पहले, 5 नवंबर को भी इंडियन यूथ कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्थान यूथ कांग्रेस के 31 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था. इन पर दिल्ली में आयोजित ‘रामलीला मार्च’ में शामिल नहीं होने के कारण कार्रवाई की गई थी.
IYC मुख्यालय से जारी निलंबन आदेश में कहा गया था कि केंद्रीय नेतृत्व ने इस अहम कार्यक्रम में पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी को गंभीरता से लिया है. अगले आदेश तक उनका निलंबन जारी रहेगा.
इस आदेश पर राजस्थान यूथ कांग्रेस के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव विकास चिकारा तथा राज्य सह-प्रभारी और सचिव ज्ञान शुक्ला के हस्ताक्षर थे.
इंडियन यूथ कांग्रेस की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया था, “दिल्ली में आयोजित ‘रामलीला मार्च’ में आपकी गैरमौजूदगी को देखते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के नेतृत्व ने राजस्थान के नीचे दिए गए पदाधिकारियों को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला किया है.”
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का आरोप-मोदी उनका फोन ‘टैप’ करवा रहे हैं, कहा—फोन में आरोपों के ‘सबूत’ मौजूद