नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री पर लगाए गए आरोपों के सबूत उनके फोन में मौजूद हैं.
उन्होंने मोदी को आमने-सामने बहस करने की चुनौती भी फिर दी. राहुल ने कहा कि इससे पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है और कौन “देश-विरोधी” है.
गांधी ने एक वीडियो बयान में कहा, “मेरे सभी आरोपों के सबूत मेरे फोन में हैं, जिसे प्रधानमंत्री टैप करवा रहे हैं.” उन्होंने आगे कहा, “जिस पल वह (मोदी) मेरे साथ बहस करने आएंगे, सबको पता चल जाएगा कि देश-विरोधी कौन है और वह कब से देश-विरोधी है. सारे सबूत इसी फोन में हैं.”
एक्स पर एक पोस्ट में गांधी ने दिवाली के एक कार्यक्रम में टेलीप्रॉम्प्टर के कथित इस्तेमाल को लेकर मोदी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उनके साथ होने वाली बहस में भी टेलीप्रॉम्प्टर ला सकते हैं.
Mr Modi, stop lying to this nation.
You became PM because of foreign help. You remain PM because of foreign help.
Your financial system is fully controlled and supported by foreigners. Foreign social media fully backs you.
I challenge you to an open debate about this. Any… pic.twitter.com/h7bi1UJdMT
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 2, 2026
उन्होंने कहा, “मोदी जी, अपने ही दिवाली कार्यक्रम में भी टेलीप्रॉम्प्टर? लोग आपके, मंच आपका, माहौल आपका- फिर भी आपको लिखी हुई स्क्रिप्ट की जरूरत पड़ी. लगता है दबाव आप पर हावी हो गया.”
उन्होंने आगे कहा, “खैर, कोई बात नहीं. मेरे साथ बहस में भी टेलीप्रॉम्प्टर ले आइए और अपनी पसंद का एक जज भी बैठा लीजिए. बस आ जाइए, और कुछ नहीं चाहिए. देश जानना चाहता है- असली गद्दार कौन है?”
गांधी ने पहली बार 2 नवंबर को मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी. उसी दिन एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री पर सत्ता में आने के लिए विदेशी मदद लेने का आरोप लगाया था.
उन्होंने लिखा था, “मिस्टर मोदी, देश से झूठ बोलना बंद कीजिए. आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने. आप विदेशी मदद से ही अब तक प्रधानमंत्री बने हुए हैं. मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं. कोई भी मंच, कोई भी समय. अगर हिम्मत है तो आइए. आप ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेंगे, क्योंकि आप इस बात से डरे हुए हैं कि मैं आपके बारे में क्या जानता हूं.”
एक दिन बाद कांग्रेस नेता ने फिर यह चुनौती दी. उन्होंने मोदी को अपनी पसंद का जज चुनने का विकल्प दिया और सुझाव दिया कि बहस मीडिया और देश के युवाओं के सामने होनी चाहिए.
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत को भी संभावित जज के तौर पर चुने जाने का सुझाव दिया.
चुनाव वाले पंजाब के संगरूर में 4 नवंबर को एक जनसभा में गांधी ने फिर यही बात कही. उन्होंने कहा, “मैं गारंटी देता हूं कि बहस शुरू होने के पांच मिनट के अंदर मैं साबित कर दूंगा कि नरेंद्र मोदी ‘देशद्रोही’ हैं और डोनाल्ड ट्रंप उन्हें नियंत्रित करते हैं.”
6 नवंबर को गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मोदी को यह चुनौती स्वीकार करने के लिए मनाने को कहा. उन्होंने एक्स पर लिखा, “बस उन्हें मेरे साथ खुली बहस करने के लिए मना लीजिए. कोई भी मंच, कोई भी समय. डरो मत.”
9 नवंबर के बाद भी उन्होंने यही बात दोहराई. छत्तीसगढ़ के बस्तर में CRPF के एक कार्यक्रम में मोदी की ओर से कांग्रेस नेताओं को ‘दिमागी नक्सली’ कहे जाने पर गांधी ने पलटवार किया.
गांधी ने एक्स पर लिखा, “उन्होंने हमें नक्सली कहा. मेरी चुनौती अब भी कायम है. उन्हें मुझसे बहस करने दीजिए कि देश-विरोधी कौन है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है. कभी भी, कहीं भी.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)