न्यूयॉर्क, 30 अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि एक चीनी महिला कारोबारी ने प्रौद्योगिकी क्षेत्र की शीर्ष कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग के साथ करीबी रिश्ते बना लिए थे, जबकि वह चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़ी हुई थी और बीजिंग को गोपनीय जानकारी पहुंचाती थी। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक खबर में यह दावा किया गया है।
हालांकि, चीन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे ‘‘बदनाम करने की कोशिश’’ बताया है।
रिपोर्ट में महिला की पहचान एलिस हुआंग के रूप में बताई गई है, जिन्हें हुआंग ली के नाम से भी जाना जाता है। वह एक चीनी नागरिक है और सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ में एक वरिष्ठ अधिकारी है।
बृहस्पतिवार को प्रकाशित खबर में कहा गया है कि इन जानकारियों से यह चिंता पैदा होती है कि क्या उसने अमेरिका-चीन संबंधों के लिए अहम किसी मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की किसी योजना, या फिर एनवीडिया के बारे में कोई जानकारी हासिल की होगी।
शुक्रवार को, चीन के सरकारी समाचार पत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन के हवाले से कहा, ‘‘संबंधित रिपोर्ट आधारहीन थी और यह चीन को बदनाम करने के अलावा और कुछ नहीं थी।’’
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि एलिस हुआंग पर चीन को अमेरिका के उन प्रतिबंधों से बचाने में मदद करने का संदेह है, जो एडवांस्ड एआई चिप तक पहुंच को लेकर लगाए गए थे।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका को इस बारे में खुफिया जानकारी मिली है कि एलिस हुआंग की एनवीडिया के प्रमुख जेन्सेन हुआंग के साथ नजदीकियां बढ़ गई थीं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि लगभग एक साल पहले ट्रंप को इन खुफिया जानकारियों के बारे में बताया गया था, लेकिन उन्होंने इन पर कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया।
अमेरिकी सरकार 2024 के आखिर से ‘मेगास्पीड’ की जांच कर रही है। ऐसा संदेह जताया गया है कि यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में मौजूद डेटा सेंटरों के जरिए चीन को एडवांस्ड एनवीडिया चिप हासिल करने में मदद कर रही थी।
मेगास्पीड ने डेटा सेंटर बनाने के लिए एनवीडिया चिप खरीदे हैं, और वह अलीबाबा समेत कई चीनी कंपनियों को कंप्यूटिंग प्रणाली किराये पर देती है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी जांचकर्ताओं को संदेह है कि कंपनी द्वारा हासिल की गई कुछ चिप अवैध रूप से चीन भी पहुंच रही हैं।
अखबार द्वारा उल्लेख किये गए व्यापार रिकॉर्ड के अनुसार, मलेशिया में मेगास्पीड की सहयोगी कंपनी ने जून 2024 से फरवरी 2026 के बीच कम से कम 4.8 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के ऐसे उन्नत एआई उपकरण खरीदे, जिनमें एनवीडिया की चिप और तकनीक शामिल थी।
रिपोर्ट के अनुसार, मेगास्पीड के खिलाफ अमेरिकी वाणिज्य विभाग की जांच इस साल न्याय विभाग को सौंप दी गई।
एनवीडिया ने अखबार को बताया कि मेगास्पीड भी अन्य क्षेत्रीय ग्राहकों जैसी ही थी। कंपनी ने पहले ही उन दावों की जांच की थी और उन्हें गलत साबित कर दिया था, जिनमें कहा गया था कि सिंगापुर स्थित यह फर्म चीन में चिप की तस्करी कर रही।
एनवीडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘एलिस हुआंग के साथ जेन्सेन की बातचीत कोई असामान्य या अप्रत्याशित बात नहीं है। ग्राहकों के साथ बैठकें करना एक सीईओ के काम का हिस्सा होता है। जेन्सेन हर साल विभिन्न कंपनियों के हज़ारों अधिकारियों के साथ बातचीत करते हैं।’’
रिपोर्ट के अनुसार, मेगास्पीड ने शुरुआत में अखबार को बताया था कि वह इन आरोपों को ‘बहुत गंभीरता’ से ले रही है और उसने आंतरिक जांच कराने के लिए बाहरी कानूनी सलाहकारों को नियुक्त किया है।
बाद में कंपनी ने कहा कि वह ‘मीडिया ट्रायल का जवाब नहीं दे सकती, लेकिन सबूतों पर आधारित औपचारिक जांच का स्वागत करती है।’
खबर के अनुसार, सिंगापुर के अधिकारियों ने मेगास्पीड से जुड़ी जांच के सिलसिले में एलिस हुआंग से पूछताछ की थी।
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.