देहरादून: उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ धाम से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में पायलट समेत हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई. उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूसीएडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने एएनआई को इसकी पुष्टि की.
हेलिकॉप्टर ने 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ के सिविल हेलीपैड से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी. करीब 1:14 बजे जोशीमठ के पास रडार से इसका संपर्क टूट गया. यूसीएडीए के मुताबिक, हेलिकॉप्टर के ट्रैकिंग सिस्टम ने भी इसकी लोकेशन लेना बंद कर दिया था.
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि हेलिकॉप्टर में दिल्ली के रहने वाले पायलट हिमांशु सभरवाल और कर्नाटक के पांच यात्री सवार थे.
पंवार ने बताया कि पास की सेना की एक चौकी के जवानों ने हेलिकॉप्टर को पांडुकेश्वर के पास भंडकांड मंदिर से करीब एक किलोमीटर ऊपर घाटी की ओर जाते हुए देखा था.
हेलिकॉप्टर के लापता होने की सूचना के बाद पांडुकेश्वर और जोशीमठ से पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और सेना के जवानों की दो टीमें तलाशी अभियान के लिए भेजी गई थीं. गोपेश्वर से एक ड्रोन भी तलाशी और बचाव अभियान में मदद के लिए भेजा गया था.
इससे पहले, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि जोशीमठ के पास चायी गांव में हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम बचाव अभियान चला रही है.
धामी ने एक्स पर लिखा था, “हमें जोशीमठ के पास चायी गांव के पास एक हेलिकॉप्टर क्रैश की दुखद खबर मिली है. जिला प्रशासन, डिजास्टर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट और एसडीआरएफ द्वारा एक जॉइंट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.”
चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट…
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 30, 2026
उन्होंने कहा था, “मैं खुद पूरी घटना पर लगातार नज़र रख रहा हूं. गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं.”
धामी ने कहा था, “मैं यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए भगवान से प्रार्थना करता हूं.”
जैन ने इससे पहले बताया था कि हेलिकॉप्टर के लापता होने के बाद इंडियन आर्मी, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ को सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए लगाया गया था.
वीटी-एचसीएक्स नाम के इस हेलिकॉप्टर ने बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी. जोशीमठ घाटी से गुजरते समय इसका संपर्क टूट गया. यूसीएडीए के मुताबिक, ट्रैकिंग सिस्टम से भी हेलिकॉप्टर की लोकेशन मिलनी बंद हो गई थी.
जैन ने कहा था, “ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलिकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए निकला था. हम हेलिकॉप्टर की लोकेशन का पता नहीं लगा पाए हैं क्योंकि वह जोशीमठ घाटी के आसपास से गुजर रहा था.”
उन्होंने कहा था कि रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी के लिए टीमों को घटनास्थल के पास के इलाके में भेजा गया था. सावधानी के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलिकॉप्टरों के पूरे बेड़े को रोक दिया गया था.
जैन ने कहा था, “सावधानी के तौर पर, ट्रांस भारत एविएशन के हेलिकॉप्टरों के पूरे बेड़े को रोक दिया गया है… शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान में 6 लोग सवार थे—पायलट और 5 अन्य. कन्फर्मेशन मिलने के बाद हम और जानकारी शेयर करेंगे.”
बाद में यूसीएडीए ने हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि कर दी.