scorecardresearch
Friday, 30 October, 2026
होमदेशतमिलनाडु के CM विजय ने सरकारी नौकरियों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 5 साल बढ़ाई

तमिलनाडु के CM विजय ने सरकारी नौकरियों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 5 साल बढ़ाई

एससी, एसटी और बेसहारा विधवा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 35 से बढ़ाकर 40 साल कर दी गई है. इन वर्गों के पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए इसे 45 से बढ़ाकर 50 साल कर दिया गया है.

Text Size:

चेन्नई (तमिलनाडु): तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती के लिए अधिकतम उम्र सीमा 5 साल बढ़ाने का आदेश दिया. इससे उन हजारों नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को राहत मिलेगी, जो पहले से तय उम्र सीमा के करीब पहुंच गए थे या उसे पार कर चुके थे.

एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, उम्र सीमा में यह बदलाव नियमों के तहत पहले से तय उम्र सीमा के ऊपर लागू होगा. यह आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को पहले से मिल रही उम्र में छूट के अलावा होगा. इनमें पिछड़ा वर्ग (बीसी), पिछड़ा वर्ग (मुस्लिम) [बीसी(एम)], अति पिछड़ा वर्ग और विमुक्त समुदाय (एमबीसी और डीएनसी), अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और बेसहारा विधवाएं शामिल हैं.

मुख्यमंत्री ने यह फैसला सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों की मांगों के जवाब में लिया है. उन्होंने सरकारी सेवाओं में सीधी भर्ती के लिए अधिकतम उम्र सीमा मौजूदा प्रावधानों से 5 साल बढ़ाने का निर्देश दिया.

नई व्यवस्था के तहत, ग्रुप-1 पदों के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र सीमा 32 से बढ़ाकर 37 साल कर दी गई है. वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इसे 37 से बढ़ाकर 42 साल कर दिया गया है.

दिव्यांगजन (पीडब्ल्यूडी) उम्मीदवारों के लिए सामान्य वर्ग में अधिकतम उम्र सीमा 42 से बढ़ाकर 47 साल कर दी गई है. वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इसे 47 से बढ़ाकर 52 साल कर दिया गया है.

ग्रुप-2 और ग्रुप-2ए पदों के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र सीमा 30 से बढ़ाकर 35 साल कर दी गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा नहीं होगी.

ग्रुप-2 और ग्रुप-2ए के लिए आवेदन करने वाले पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों में सामान्य वर्ग की अधिकतम उम्र सीमा 40 से बढ़ाकर 45 साल कर दी गई है. वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा पहले की तरह नहीं होगी.

ग्रुप-4 पदों के लिए ज्यादा शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा नहीं होगी.

ग्रुप-4 के उन उम्मीदवारों के मामले में जिनके पास ज्यादा शैक्षणिक योग्यता नहीं है, सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम उम्र सीमा 30 से बढ़ाकर 35 साल कर दी गई है. बीसी, बीसी(एम), एमबीसी और डीएनसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इसे 32 से बढ़ाकर 37 साल कर दिया गया है.

इस वर्ग के पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए सामान्य वर्ग में अधिकतम उम्र सीमा 40 से बढ़ाकर 45 साल कर दी गई है. वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए इसे 42 से बढ़ाकर 47 साल कर दिया गया है.

इसके अलावा, एससी, एसटी और बेसहारा विधवा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 35 से बढ़ाकर 40 साल कर दी गई है. इन वर्गों के पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए इसे 45 से बढ़ाकर 50 साल कर दिया गया है.

रिलीज में कहा गया है कि संशोधित अधिकतम उम्र सीमा 5 साल तक लागू रहेगी. यह 30 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी.

सरकार ने कहा कि इस फैसले से पूरे तमिलनाडु में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों लोगों और युवाओं को फायदा होगा. खासकर उन लोगों को, जो मौजूदा अधिकतम उम्र सीमा के करीब पहुंच रहे थे और सरकारी पदों के लिए प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका गंवाने का खतरा था.

share & View comments