इटली की एडविज एंटोनिया अल्बिना माइनो एक नवविवाहिता युवती के रूप में भारत आईं और सोनिया गांधी बन गईं. तब उन्हें शायद ही पता था कि वे इस देश के सबसे निर्णायक राजनीतिक परिवारों में से एक परिवार का हिस्सा बन जाएंगी. कैम्ब्रिज में वे राजीव गांधी से मिलीं, जहां दोनों पढ़ाई कर रहे थे. अपना जीवन उन्होंने राजनीतिक उथल-पुथल से दूर रहते हुए शुरू किया और आखिरकार राजनीति ने ही उनके जीवन को परिभाषित किया. राजीव गांधी ने अपने छोटे भाई संजय गांधी के आकस्मिक निधन के बाद राजनीति में कदम रखा और 1984 में अपनी मां इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने.
इसके बाद के दशकों में सोनिया गांधी नेहरू-गांधी परिवार की विरासत की छाया से निकलकर सत्ता की सूत्रधार तक बनीं. विमोचित होने जा रही, अपने संस्मरणों की किताब ‘बिलॉगिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ (हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित) में वे अपने जीवन पर नजर डाल रही हैं जिसे प्रेम, वियोग, और राजनीति ने परिभाषित किया.
‘दिप्रिंट’ के एडिटर-इन-चीफ शेखर गुप्ता ने फरवरी 2004 में अपने टीवी शो ‘वॉक द टॉक’ में सोनिया गांधी से गांधी परिवार में उनके जीवन के बारे में, इंदिरा गांधी से उनके संबंध के बारे में, और उत्तराधिकार के रूप में उन्हें जो विरासत मिली उसके बारे में बात की.
उन्होंने भारत के इतिहास के निर्णायक क्षणों, अपने जीवन को दिशा देने वाली व्यक्तिगत उथल-पुथल, और झिझकते हुए अंततः राजनीति में प्रवेश करने के फैसले के बारे में भी बात की.
वह पूरी बातचीत यहां प्रस्तुत की जा रही है—
शेखर गुप्ता: हैलो, ‘वॉक द टॉक’ शो में आपका स्वागत है. मैं शेखर गुप्ता हूं, और आज हमारी जो मेहमान हैं उनसे आप सब अच्छी तरह परिचित हैं, तो मैं सबसे पहले इस शानदार जगह के बारे में बता दूं. यह स्वराज भवन है, यह इलाहाबाद में नेहरू-गांधी परिवार के विशाल, विख्यात निवास आनंद भवन का एक हिस्सा है. आज मेरी जो मेहमान हैं इनके बारे में मैं कह सकता हूं कि ये अपने नाजुक कंधों पर एक शक्तिशाली परिवार की भारी विरासत को संभाल रही हैं.
सोनिया जी, ‘वॉक द टॉक’ में आपका स्वागत है. मैं बहुत आभारी हूं कि आपने हमारे लिए समय निकाला.
सोनिया गांधी: स्वराज भवन में आपका स्वागत है.
शेखर गुप्ता: आपके जीवन में भारी बदलाव आया है. इसलिए पहले मैं आपको उस क्षण में लौटाना चाहूंगा जब यह बदलाव शुरू हुआ. आप आनंद भवन में सबसे पहले कब आई थीं?
सोनिया गांधी: मैं सबसे पहले 1970 में आनंद भवन आई थी, जब इंदिरा जी ने आनंद भवन और स्वराज भवन को देश को समर्पित किया था. उसके बाद ये संग्रहालय बन गए और इनके दरवाजे जनता के लिए खोल दिए गए. यह 1970 के दशक की बात है, जब मेरी शादी के दो वर्ष बीत चुके थे. मैं एक बच्चे, राहुल की मां बन चुकी थी. उस घटना ने मेरे ऊपर गहरा प्रभाव डाला था, क्योंकि मेरी सास वहां से सब कुछ समेट रही थीं और यह तय कर रही थीं कि क्या छोड़ना है और क्या ले जाना है. उस समय कुछ निजी चीजें वहां बची थीं. वे मुझे और अपने साथ आए एक-दो मित्रों को बता रही थीं कि इन दोनों मकानों में क्या-क्या हो चुका है.
शेखर गुप्ता: जब आपने राजीव गांधी से शादी की थी तब कभी नहीं सोचा होगा कि आप एक राजनीतिक परिवार में शादी कर रही हैं और राजनीति आपके जीवन का एक हिस्सा ही बन जाएगी.
सोनिया गांधी: जब मैं इस परिवार में आई और मैंने इसमें शादी की, तब में बिलकुल अनाड़ी थी, कुछ नहीं जानती थी कि आगे क्या होगा.
शेखर गुप्ता: लेकिन 1970 में जब आप यहां आईं, तब आप एक भारतीय से कहीं ज्यादा एक इतालवी थीं. आप यहां बहुत-बहुत कम समय के लिए आई थीं.
सोनिया गांधी: हां, उस समय मैं एडजस्ट कर रही थी. मैं तब नई-नई ही आई थी. मैं बहुत सारी चीजों से तालमेल बैठा रही थी, यहां के जीवन से, सोच-विचार के तरीकों से. हां, हर नवविवाहिता के साथ ऐसा ही होता है. सच कहूं तो मैं यहां इसलिए आई क्योंकि मैं अपने पति के प्यार में पागल थी. वे मेरे साथ थे, इसलिए बाकी कोई बात मेरे लिए मतलब नहीं रखती थी. मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता था कि मुझे क्या कुछ का सामना करना पड़ रहा था.
शेखर गुप्ता: आप खाना बनाती हैं?
सोनिया गांधी: नहीं.
शेखर गुप्ता: क्या आप पास्ता बना सकती हैं?
सोनिया गांधी (हंसते हुए): जब मेरे पति राजनीति में नहीं थे तब पकाती थी. तब मैं अपने परिवार की देखभाल करती थी, अपनी सास (इंदिरा गांधी) की देखभाल किया करती थी. उन्हें कभी-कभी पश्चिमी खाना अच्छा लगता था. इसलिए मैं खाना बनाती थी, लेकिन शादी करके आई थी तब खाना बनाना नहीं जानती थी. यह मैंने किताबों आदि से सीखा.
शेखर गुप्ता: आपकी सास को क्या-क्या पसंद था?
सोनिया गांधी: हां, उन्हें पास्ता पसंद था.
शेखर गुप्ता: अपनी सास से आपने क्या-क्या सीखा? वे एक सख्त महिला थीं.
सोनिया गांधी: हां, वे बहुत मजबूत महिला थीं. लेकिन उनका एक बहुत कोमल रूप भी था, जिसे बहुत कम लोग जानते हैं. वे बारीकियों पर नजर रखती थीं. अगर कोई बीमार या नाखुश होता था तो वे तुरंत समझ जाती थीं और उसका कोई समाधान करती थीं, अक्सर एक-दो संदेश लिखकर.
मुझे याद है, मेरी शादी में वे आई थीं और एक महीने तक साथ रहने के बाद चली गई थीं. जाहिर है, मैं बहुत उदास हो गई थी. मेरी सास ने लिखकर भेजा था: ‘हाय सोनिया, हम सब तुम्हें बहुत प्यार करते हैं.’ इस संदेश ने मुझे बिल्कुल पिघला दिया था और मुझे बहुत ताकत दी थी. मुझे मालूम था कि सब मुझे प्यार करते हैं, मेरा ख्याल रखते हैं.
शेखर गुप्ता: भारत में जो राजनीतिक घटनाएं घट रही थीं, क्या आपको याद है कि उनके बारे में उन्होंने कभी कुछ लिखकर आपको भेजा हो, जिससे उनके स्वभाव का आपको अंदाजा मिला हो? जैसे, बांग्लादेश युद्ध को ही लें, क्या आपको कुछ याद है?
सोनिया गांधी: बांग्लादेश युद्ध हम सबके लिए बेशक बहुत सनसनीखेज था क्योंकि परिवार में हम सब इस संकट के हर पल का अनुभव ले रहे थे. शेख मुजीबुर्रहमान जब लंदन से दिल्ली आए थे, हवाई अड्डे पर उनका बहुत शानदार स्वागत किया गया था. इसके अगले दिन मैं अपने दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली थी लेकिन मैं हवाई अड्डे पर गई थी. इतना ज्यादा उत्साह था! मेरा ख्याल है, यह श्रीमती गांधी की एक बड़ी जीत थी.
शेखर गुप्ता: उस लड़ाई के दौरान आप लोग डाइनिंग टेबल पर क्या बातें किया करती थीं?
सोनिया गांधी: हमलोगों को ज़्यादातर रिपोर्ट बांग्लादेश के लोगों, बुद्धिजीवियों पर पाकिस्तानी सेना के अत्याचारों के बारे में मिलती थी कि वह किस तरह की क्रूरता कर रही थी. लेकिन इंदिरा जी उस दौरान पूरे समय शांत और संयत रहीं.
शेखर गुप्ता: इमरजेंसी उनके राजनीतिक जीवन में एक और मोड़ था. तब आपने उनका कैसा रूप देखा? और इमरजेंसी पर आपकी तथा राजीव की क्या प्रतिक्रिया थी?
सोनिया गांधी: मेरी सास की जहां तक बात है, चुनाव हारने के बाद उन्होंने कहा था कि उन्हें इस पर पुनर्विचार करना ही था. उन्होंने चुनाव करवाने की घोषणा की, यही बताता है कि उन्हें इमरजेंसी पर पुनर्विचार करना पड़ा.
शेखर गुप्ता: क्या आपको ऐसा लगता है कि उन्हें गलती का वास्तव में एहसास हुआ था?
सोनिया गांधी: मैं मानती हूं कि उन्हें गलती का एहसास हुआ था, क्योंकि यह मत भूलिए कि मैं जिस इंदिरा गांधी को जानती थी वे दिल से लोकतांत्रिक थीं, दिल की गहराई से. मेरा मानना है कि परिस्थितियों ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया. लेकिन वे कभी इसको लेकर सहज नहीं रहीं.
शेखर गुप्ता: आपको राजनीति में उतरने की प्रेरणा कहां से मिली? आपके पति की हत्या के बाद आप कुछ समय तक अलग रहीं. किस बात ने आपको मजबूर किया, प्रेरित किया या किसने आपसे कहा कि आपके लिए दूसरा कोई विकल्प नहीं है.
सोनिया गांधी: कांग्रेस पार्टी कुछ समस्याओं से जूझ रही थी. उसके कई नेता, मेरे कई सीनियर साथी मेरे पास आए थे और उन्होंने आग्रह किया कि मैं पार्टी की मदद करूं. उन्हें लगता था कि इससे पार्टी को कुछ हद तक सहायता मिलेगी. और मैंने भी इस पर बहुत सोचा.
मेरे अंदर एक द्वंद्व चल रहा था क्योंकि मैं राजनीति में उतरना कभी नहीं चाहती थी. दरअसल, मैं तो यह भी नहीं चाहती थी कि मेरे पति राजनीति में उतरें, क्योंकि मैंने अपनी सास को जीवनभर संघर्ष करते, खारिज किए जाते, तमाम तरह की बदनामियों से जूझते देखा था. उन्होंने सेवा का जीवन जिया, बेहद कठिन जीवन जिया, और उनकी हत्या कर दी गई.
शेखर गुप्ता: यानी आपने देखा था कि आपको इसकी क्या कीमत चुकानी पड़ सकती थी.
सोनिया गांधी: हां, मुझे यह दिख गया था, उस समय मुझे ऐसा लगा था कि मेरे पति के साथ भी ऐसा हो सकता है. वास्तव में, मेरी सास की हत्या के बाद मुझे लग गया था कि उनकी भी हत्या की जा सकती है.
शेखर गुप्ता: आप यह जानती थीं? यह अपरिहार्य था या एक पूर्वाभास था?
सोनिया गांधी: नहीं, मेरे बच्चे और मैं, हम सब जानते थे कि यह केवल समय की बात है कि उनकी हत्या कब होगी. लेकिन मारे जाने का डर आदि कोई मसला नहीं था. मुझे लगा था कि यह फैसला करना बहुत कठिन है, वह एक कठिन दौर था. मेरे ड्राइंग रूम और ऑफिस में मेरे पति और सास की फोटो लगी थीं और जब भी मैं उन तसवीरों के पास से गुजरती थी, मुझे महसूस होता था कि मैं अपना फर्ज, अपने परिवार और देश के प्रति अपना फर्ज नहीं निभा रही थी.
शेखर गुप्ता: आपको देश में ऐसा क्या होता दिखा जो आपसे राजनीति में उतरने को कहता था? क्या आपको हमारी राजनीति में ऐसी कोई प्रवृत्ति दिखी थी, या यह केवल परिवार और पार्टी का मामला था?
सोनिया गांधी: नहीं, उस समय एक प्रवृत्ति उभर रही थी. भाजपा मजबूत हो रही थी. यह 1998 की बात है, भाजपा की ताकत कुछ बढ़ी थी. यही मेरे फैसले की मुख्य वजह थी.
शेखर गुप्ता: भाजपा में आपको ऐसा क्या दिखा था? उसके कारण आप क्यों परेशान हुई थीं? वह तो एक राजनीतिक पार्टी ही है.
सोनिया गांधी: भाजपा एक राजनीतिक पार्टी है, यह माना जा सकता है, लेकिन वह एक ऐसी पार्टी है जिसका एजेंडा लोगों को बांटने वाला है, हम सब जानते हैं कि उसका एजेंडा क्या है. मेरा पूरा परिवार इस एजेंडा के खिलाफ लड़ता रहा है. वे देश के लिए जिए और देश के लिए मरे, और इस एजेंडा के खिलाफ लड़ते रहे. वे ऐसा मानते थे इसलिए मैं भी मानती हूं कि अगर इस एजेंडा को लागू किया गया तो यह देश के बांट देगा, तोड़ देगा.
शेखर गुप्ता: मौजूदा हालात को सुधारने के लिए आप और आपकी सरकार कौन-कौन-से प्रमुख कदम उठाएगी?
सोनिया गांधी: सबसे पहली बात तो यह है कि मुझे मालूम है कि आर्थिक सुधारों के बारे में हमारे जो विचार हैं उन पर लोगों को कुछ आपत्तियां हैं. मुझे लगता है कि उन सुधारों को लेकर कोई चिंता नहीं होनी चाहिए. आर्थिक सुधारों की नीति जारी रहेगी. किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए.
लेकिन हमारे आर्थिक सुधार भाजपा के आर्थिक सुधारों से थोड़े अलग हैं. कैसे? उदाहरण के लिए, हमारे आर्थिक सुधारों में समाज कल्याण के, गांवों के विकास के, और गरीबी मिटाने के कार्यक्रमों पर ज्यादा ज़ोर है. पंचायतों के प्रशासन और उनकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने का काम बाकी है. मौजूदा सरकार ने गरीबी मिटाने के कई कार्यक्रमों में ऐसी कटौतियां की है जिनके कारण ये बेअसर ही हो गए हैं.
आर्थिक सुधारों पर ज़ोर देते हुए मैं आपको कह दूं कि हम अपने उद्यमियों, प्रशासकों और बिजनेस क्लास के लोगों का बहुत सम्मान करते हैं क्योंकि उन सबने देश के लिए बहुत कुछ किया है.
मेरा और हम सबका मानना है कि आर्थिक सुधारों के साथ बिजनेस पर भी ज़ोर देना है, बिजनेस समुदाय आगे बढ़ रहा है. हमें गरीबों पर विशेष ध्यान देना है.
शेखर गुप्ता: कांग्रेस के जिन लोगों ने और खासकर डॉ. मनमोहन सिंह ने, जिन्होंने आर्थिक सुधारों की रूपरेखा बनाई है, क्या उन्हें सरकार में प्रमुख भूमिका दी जाएगी.
सोनिया गांधी: निश्चित ही, बिल्कुल निश्चित. दोनों में कोई फर्क नहीं है. मैं चाहती हूं कि बिजनेस का महकमा जिस तरह आगे बढ़ रहा है, बढ़े लेकिन गरीबी मिटाने और समाज कल्याण पर विशेष जोर देना होगा.
शेखर गुप्ता: यानी डॉक्टर मनमोहन सिंह और उनकी नीतियों को नकारा नहीं जाएगा.
सोनिया गांधी: बिल्कुल नहीं. यह एक गलतफहमी है. किसी ने अफवाह फैलाई है कि हम पुनर्विचार कर रहे हैं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है.
शेखर गुप्ता: लेकिन आपकी पार्टी के लोग ही कहते रहते हैं कि गलती हो गई थी.
सोनिया गांधी: आपको बता दूं कि नरसिंह राव और राजीव गांधी के भी जमाने में, जब आर्थिक सुधारों की शुरुआत ही की गई थी तब यही लोग हमारे ऊपर, कॉंग्रेस पर और आर्थिक सुधारों पर तीखे हमले कर रहे थे.
शेखर गुप्ता: आपका मतलब भाजपा से है?
सोनिया गांधी: भाजपा समेत तमाम दूसरी पार्टियां विरोध में थीं. और अब क्या हो रहा है, आप जानते हैं. यानी वह सब ढोंग था.
शेखर गुप्ता: प्रधानमंत्री वाजपेयी के बारे में आपका क्या विचार है? एक समकालीन राजनेता, सांसद, एक प्रतिद्वंद्वी के रूप में?
सोनिया गांधी: बिल्कुल… पचास से ज्यादा वर्षों से वे राजनीति में हैं.
शेखर गुप्ता: कुछ लोगों का कहना है कि उनकी छवि भी नेहरू वाली छवि जैसी हो गई है. उन्हें भी नेहरू की तरह सम्मानित माना जाता है. ऐसा मानने वालों में वे भी शामिल हैं जो उन्हें वोट नहीं देते.
सोनिया गांधी: मुझे अफसोस है कि मैं इससे पूरी तरह असहमत हूं. जो लोग ऐसा कहते हैं वे नेहरू को नहीं जानते, उन्हें कुछ पता नहीं है, उन्होंने नेहरू के बारे में कुछ नहीं पढ़ा है कि वे क्या थे और उन्होंने क्या कुछ किया.
शेखर गुप्ता: और आपके विचार से इस सरकार को क्यों जाना चाहिए? आपको सत्ता मिले या न मिले.
सोनिया गांधी: क्योंकि उन्होंने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया. साल में एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया था. आप कहीं भी चले जाइए, इस मकान से बाहर कदम रखते ही आपको हजारों ऐसे लड़के-लड़कियां मिल जाएंगी जो नहीं जानते कि वे क्या करें. वे बेरोजगार हैं, उनका कोई भविष्य नहीं है. किसानों का क्या हाल है? कृषि क्षेत्र में या उद्योग क्षेत्र में निवेश में कोई वृद्धि नहीं हुई है.
शेखर गुप्ता: यह ‘फील गुड’ वाली बात कहां से आई है?
सोनिया गांधी: किसान और नौजवान (सैनिक) देश की जान हैं. अगर हम उन्हें सुरक्षा नहीं देते, उन्हें यह एहसास नहीं कराते कि उनका भी एक जीवन है, एक भविष्य है.
शेखर गुप्ता: अगर यह सब नहीं हुआ है तो फिर ‘फील गुड’ वाली बात कहां से आई है?
सोनिया गांधी: सच कहूं, तो मुझे नहीं मालूम. मैं जहां भी गई हूं, मुझे तो यह कहीं नहीं दिखा. मुझे लगता है कि ‘फील गुड’ वाली बात सरकार के यार-दोस्तों या मंत्रियों ने फैलाई है. इस निवेश में भी काफी यारी निभाई जा रही है. तो ‘फील गुड’ इन्हीं लोगों की जेबों में ही हो रहा होगा.
शेखर गुप्ता: यह आप गंभीर आरोप लगा रही हैं.
सोनिया गांधी: यह मैंने आपके अखबार में ही पढ़ा है.
शेखर गुप्ता: आप हर बात के लिए मेरे अखबार को दोषी बताती हैं. मुझे इन सबका जवाब देने के लिए काफी कोशिश करनी पड़ेगी.
सोनिया गांधी: मेरा मानना है कि आप एक निष्पक्ष पत्रकार हैं. आपके अखबार की इसलिए इज्जत है.
शेखर गुप्ता: यह सरकार पिछले पांच साल के अपने कामकाज का प्रचार करने के अलावा आपके विदेशी मूल के खिलाफ भी प्रचार कर रही है. वास्तव में, केवल आपके विदेशी मूल की ही बात नहीं की जाती, आपके बच्चों को आधे विदेशी मूल का कहा जाता है.
सोनिया गांधी: इससे ही आपको समझ में आ जाना चाहिए, बल्कि हम सबके लिए यह एक संदेश है कि वे पूरी तरह नाकाम रहे हैं इसलिए उन्हें इस तरह की बातें उछालने की जरूरत पड़ी है.
शेखर गुप्ता: क्या यह आपके लिए और आपकी पार्टी के लिए एक बोझ है कि आप इटली की हैं? क्या यह एक बोझ नहीं है? क्या यह कई वोटरों पर उलटा असर डालता है? या क्या आप यह मानती हैं कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता?
सोनिया गांधी: कुछ वोटरों पर उलटा असर पड़ता होगा. लेकिन सच कहूं तो मैं जहां भी जाती हूं, गांवों में या महिलाओं या गरीबों के बीच जाती हूं, कहीं भी मुझे ऐसा महसूस नहीं होता है. तब भी नहीं होता था जब मैंने काम करना शुरू किया था, कि लोग मुझे विदेशी मानते हैं या कि मैं खुद को विदेशी महसूस करती हूं. इसकी वजह यह है कि मैं विदेशी नहीं हूं, भारतीय हूं.
शेखर गुप्ता: क्या आप खुद को पूरी तरह भारतीय मानती हैं?
सोनिया गांधी: बिल्कुल!
शेखर गुप्ता: यह बदलाव कब शुरू हुआ और कब पूरा हुआ?
सोनिया गांधी: यह बदलाव बहुत पहले ही पूरा हो गया. यह धीरे-धीरे हुआ. आखिर इस तरह के परिवार में शादी करना महत्व रखता है, जो आजादी के आंदोलन का एक हिस्सा था, जिसने त्याग और बलिदान दिए, जो जनता की सेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित रहा. इस जीवन से अलग उनका कोई दूसरा जीवन नहीं रहा. इससे बाहर कोई जीवन नहीं. इसलिए आप इन भावनाओं को कुछ हद तक अपना लेते हैं, आत्मसात कर लेते हैं.
शेखर गुप्ता: यानी जब आपके विदेशी मूल की बात की जाती है तब आपको गुस्सा आता है?
सोनिया गांधी: बिल्कुल नहीं. बल्कि मुझे हंसी आती है. जब मैं खुद को पूरी तरह भारतीय मानती हूं तो गुस्सा क्यों करूंगी? वास्तव में, जब मैं विदेश जाती हूं तो खुद को विदेशी महसूस करती हूं. सच में!
शेखर गुप्ता: आपने कहा कि आपमें बदलाव धीरे-धीरे, कई वर्षों में आया.
सोनिया गांधी: जाहिर है, मैं 21 साल की युवती के रूप में बिल्कुल अलग वातावरण और परिवेश में आई, तो जाहिर है कि बदलने में कुछ साल लगे.
शेखर गुप्ता: आपने इस परिवार के सेवा वाले जीवन से अलग जीवन की बात की. अगर आप राजनीति में नहीं आतीं तब क्या कर रही होतीं? आपके पास अतिरिक्त समय होता तो आप उसे कैसे बितातीं? आप फिल्में देखती हैं? खाना बनाती हैं?
सोनिया गांधी: बदकिस्मती से मेरे पास फिल्में देखने का समय नहीं है, हालांकि मैं देखना चाहूंगी. लेकिन आराम करने के लिए मैं पढ़ती हूं. पहले मैं बहुत-बहुत पढ़ा करती थी. मैं पाती हूं कि अब मेरे पास समय नहीं है.
शेखर गुप्ता: आप क्या पढ़ा करती थीं?
सोनिया गांधी: आत्मकथाएं, इतिहास और समाजविज्ञान की किताबें. अभी मैं शशि थरूर की किताब ‘द इन्वेन्शन ऑफ इंडिया’ पढ़ रही हूं. और बेशक मुझे सबसे ज्यादा सुकून अपने परिवार और अपने नाती-नतिनी के बीच रहने से मिलता है.
शेखर गुप्ता: क्या अब परिवार के साथ रहने के लिए छुट्टी मिलती है? या अब वैसी फुरसत नहीं मिलती दिखती?
सोनिया गांधी: ऐसा होने वाला तो मुझे नहीं दिखता. फिलहाल कुछ महीनों के लिए तो नहीं ही.
शेखर गुप्ता: मुझे लगता है कि राजीव जी जब प्रधानमंत्री नहीं बने थे तब आपके पास अपने लिए समय था.
सोनिया गांधी: नहीं. सबसे पहले तो जब राजीव जी राजनीति में उतरे तो मैंने उनके चुनाव क्षेत्र को देखना शुरू किया. मैं वहां नियमित रूप से जाती थी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में ज़्यादातर महिलाओं के बीच काम करती थी. जब वे चुनाव हार गए तब मैं संग्रहालय जाया करती थी और स्वेच्छा से जीर्णोद्धार के काम किया करती थी. राजीव जी की हत्या के बाद हमने ‘राजीव गांधी फाउंडेशन’ की स्थापना की. वहां जवाहरलाल नेहरू की अस्थियां संगम में प्रवाहित की जाने से पहली रखी गई थीं, राजीव जी और संजय जी की भी अस्थियां वहां रखी गई थीं. मेरी भी अस्थियां रखी जाएंगी. परिवार में यही परंपरा रही है.
शेखर गुप्ता: हमारी बातचीत अब काफी भावुक स्थिति में पहुंच गई है. धन्यवाद.
(इस इंटरव्यू को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: BJP-RSS को महिलाओं से परेशानी है. नारी शक्ति बस बेटी, दीदी और बहन तक ही सीमित