मुंबई, 29 अक्टूबर (भाषा) तनुष कोटियन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 81 रन देकर आठ विकेट लिए जिससे मुंबई ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के मैच में बृहस्पतिवार को यहां हरियाणा को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर बोनस अंक हासिल किया।
मुंबई ने इस तरह से लगातार तीसरे मैच में बोनस अंक हासिल किया। उसके सामने केवल 97 रन का लक्ष्य था। सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी (नाबाद 67) और दिव्यांश सक्सेना (नाबाद 30) ने केवल 10.4 ओवर मुंबई को लक्ष्य तक पहुंचा दिया और उसे सात अंक दिलाए।
इससे पहले मुंबई ने चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के खिलाफ भी बोनस अंक के साथ जीत हासिल की थी।
मुंबई ने अपनी पहली पारी में 430 रन बनाए थे जिसके जवाब में हरियाणा 270 रन ही बना पाया था और उसे फॉलोऑन करना पड़ा था।
हरियाणा ने सुबह अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 73 रन से आगे बढ़ाई और कुल 256 रन बनाए। उसकी तरफ से निशांत सिंधु (44), सामंत जाखर (40) और अनुज ठकराल (नाबाद 40) ही धीमी पिच पर कुछ संघर्ष कर पाए।
भाषा पंत मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.