scorecardresearch
Saturday, 31 October, 2026
होमखेलफिलिप्स ने भारत के खिलाफ जीत का श्रेय गुजरात टाइटंस के साथ आईपीएल अनुभव को दिया

फिलिप्स ने भारत के खिलाफ जीत का श्रेय गुजरात टाइटंस के साथ आईपीएल अनुभव को दिया

Text Size:

ऑकलैंड, 30 अक्टूबर (भाषा) न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने शुक्रवार को यहां भारत के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 107 रन की पारी खेलने के बाद मौजूदा पांच मैच की सीरीज में अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन का श्रेय आईपीएल से मिली सीख को दिया।

फिलिप्स इस सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने चार मैच में 92 की औसत से 276 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।

उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के तीसरे शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने सीरीज में लगातार तीन हार के बाद वापसी की। न्यूजीलैंड ने ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भारत को 87 रन से हराया।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिलिप्स ने कहा, ‘‘आईपीएल अपने आप में एक अलग तरह की प्रतियोगिता है। वहां आठ विदेशी खिलाड़ियों में से केवल चार को ही अंतिम एकादश में जगह मिलती है जिससे प्रतिस्पर्धा काफी कठिन हो जाती है। अगर आप मैदान पर उतरकर असाधारण प्रदर्शन नहीं करते हैं तो आपकी जगह लेने के लिए हमेशा कोई दूसरा खिलाड़ी तैयार रहता है। ’’

फिलिप्स का आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्हें केवल छह मैच खेलने का मौका मिला जिसमें वह 67 रन ही बना सके। उनका सर्वोच्च स्कोर 25 रन था।

हालांकि फिलिप्स का मानना है कि आईपीएल में बिताए गए समय से उन्हें आंकड़ों से कहीं ज्यादा सीखने को मिली।

उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात टाइटंस में मुझे शानदार सुविधाएं, बेहतरीन कोच और अपनी बल्लेबाजी पर काम करने के लिए काफी समय मिला। इंग्लैंड में भी मैंने यह दिखाया कि चाहे लाल गेंद का क्रिकेट हो या सफेद गेंद का, मैं लगातार रन बनाने में सक्षम हूं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘बेशक, आप आईपीएल में रन बनाना चाहते हैं, खूब पैसा कमाना चाहते हैं और ऐसा होना शानदार होगा। लेकिन आईपीएल से आपको कई ऐसी चीजें सीखने को भी मिलती हैं, भले ही आपको खेलने का मौका मिले या नहीं। मेरा मानना है कि आईपीएल या किसी अन्य टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले हर खिलाड़ी की जिम्मेदारी है कि वह वहां मिलने वाले अनुभव और मौकों का अधिकतम लाभ उठाए। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments