scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमखेलन्यूजीलैंड चीजों को जरूरत से ज्यादा बड़ा नहीं बनाता, भारत के अनुभव से होगा फायदा: मिचेल

न्यूजीलैंड चीजों को जरूरत से ज्यादा बड़ा नहीं बनाता, भारत के अनुभव से होगा फायदा: मिचेल

Text Size:

कोलकाता, दो मार्च (भाषा) आक्रामक बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने सोमवार को कहा कि न्यूजीलैंड चीजों को जरूरत से ज्यादा बड़ा नहीं बनाता और टीम को टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत में खेलने के हालिया अनुभव से फायदा होगा।

न्यूजीलैंड बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहले सेमीफाइनल में पिछली बार की उपविजेता दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा। मिचेल ने कहा कि ‘ब्लैक कैप्स’ को मैदान के अंदर और बाहर किस तरह काम करना है, इसे लेकर पूरी स्पष्टता है।

उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट से कहा, ‘‘हम टीम के तौर पर कैसे खेलना चाहते हैं, इसे लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं। हम चीजों को जितना है उससे बड़ा नहीं बनाते लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और खुद को भाग्यशाली मानते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम इस मुकाबले का इंतजार कर रहे है। हम मैच के दौरान छोटे-छोटे पलों को भुनाने के बारे में बात करते है और हमें उम्मीद है कि हम कुछ दिनों के बाद खेले जाने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे।’’

न्यूजीलैंड की टीम इस साल की शुरुआत से भारत में है। टीम ने विश्व कप से पहले तीन मैचों की वनडे श्रृंखला और फिर पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भाग लिया था।

मिचेल ने कहा कि टीम भारत में खेलने के अनुभव से फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

उन्होंने श्रीलंका में विश्व कप के सुपर आठ चरण के मैचों को खेलने के बाद यहां वापसी पर कहा, ‘‘हमने पिछले दो महीनों में भारत में काफी समय बिताया है और हमें अंदाजा है कि यहां कैसी परिस्थितियां मिलेंगी। श्रीलंका में पिछले पखवाड़े जो हालात थे, उनसे यह अलग होगा, लेकिन खिलाड़ी पिछले कुछ महीनों की तैयारी पर भरोसा करेंगे।’’

न्यूजीलैंड को इससे पहले ग्रुप चरण में दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा था।

उन्होंने कहा,‘‘वे इस प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक हैं और इसी वजह से यहां तक पहुंचे हैं। कोलकाता में विश्व कप सेमीफाइनल में उनसे भिड़ना रोमांचक होगा। दोनों टीमें अगले चरण में पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी। ईडन गार्डन्स में खचाखच भरी भीड़ के सामने खेलना हमेशा खास होता है।”

मिचेल को भारत के खिलाफ वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के बाद जनवरी 2026 के लिए आईसीसी का ‘महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ चुना गया था।

न्यूजीलैंड ने वनडे श्रृंखला 2-1 से जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी।

उन्होंने कहा, “यह अच्छा लगता है, लेकिन मैं इसे टीम की उपलब्धि मानता हूं। जनवरी 2026 में मिली सफलता, खासकर भारत में वनडे श्रृंखला में जीतना, हमारे देश के लिए ऐतिहासिक था क्योंकि हमने पहले कभी ऐसा नहीं किया था।”

भाषा आनन्द आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments