scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमखेलदूसरे आईएसएसएफ विश्व कप में भाग लेगी भारत की 12 सदस्यीय टीम

दूसरे आईएसएसएफ विश्व कप में भाग लेगी भारत की 12 सदस्यीय टीम

Text Size:

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) कजाकिस्तान के अल्माटी में होने वाले इस साल के दूसरे आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप में भारत की 12 सदस्यीय निशानेबाजी टीम भाग लेगी। भारतीय टीम शनिवार को आयोजन स्थल पर पहुंचेगी।

दस दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 42 देशों के 284 खिलाड़ी भाग लेंगे। भारतीय टीम के आठ सदस्य भी आरपीओ (केवल रैंकिंग अंक के लिए) निशानेबाज के रूप में प्रतिस्पर्धा करने के लिए इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता सोमवार (चार मई) को पुरुषों और महिलाओं के स्कीट क्वालीफायर के साथ शुरू होंगी। इस स्पर्धा के फाइनल पांच मई को होंगे।

ट्रैप स्पर्धा के दो फाइनल नौ मई को जबकि ट्रैप मिश्रित टीम का फाइनल अगले शनिवार यानी 10 मई को होगा।

विश्व कप का पहला चरण मार्च में मोरक्को के तांजियर में खेला गया था।

दूसरे चरण की प्रतियोगिता के पहले दिन तीन भारतीय ओलंपियन हिस्सा लेंगे। इनमें पुरुष स्कीट स्पर्धा में मैराज अहमद खान और अनंतजीत सिंह नारुका तथा महिला स्कीट स्पर्धा में रायज़ा ढिल्लों शामिल हैं। ये तीनों इस साल पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे।

भारत को इस प्रतियोगिता में इटली, फिनलैंड, डेनमार्क, चेक गणराज्य, साइप्रस, यूनान, पेरू और कतर जैसी मजबूत टीमों के शीर्ष निशानेबाजों से मुकाबला करना होगा।

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments