(फिलेम दीपक सिंह)
नागोया, तीन अक्टूबर (भाषा) भारतीय कुराश खिलाड़ी यश कुमार चौहान एशियाई खेलों में 27 सितंबर को प्रतियोगिता के दौरान लिये गए नमूने में कई प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन के दोषी पाये गए हैं और उन्हें तुरंत प्रभाव से अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया है ।
24 वर्ष के चौहान के नमूनों में तीन प्रतिबंधित पदार्थो के अंश पाये गए हैं ।
एशियाई ओलंपिक परिषद ने शनिवार को एक बयान में कहा ,‘‘ एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) की ओर से अंतराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) ने रिपोर्ट दी है कि कुराश खिलाड़ी यश कुमार चौहान (भारत) प्रतिबंधित पदार्थ मेंटेंडिएनोन मेटाबोलाइट्स, जीडब्ल्यू1516 मेटाबोलाइट्स , मेफेंटरमाइन और इसके मेटाबोलाइट के सेवन के दोषी पाये गए हैं ।’’
विश्व डोपिंग रोधक एजेंसी (वाडा) की प्रतिबंधित पदार्थों की सूची में मेटेंडिएनोन को एस 1.1 एनाबोलिक एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड (एएएस) के तौर पर प्रतिबंधित किया गया है। यह हर समय (मुकाबले के दौरान और उसके बाहर भी) प्रतिबंधित है और यह एक अनिर्दिष्ट पदार्थ है। यह एक शक्तिशाली एनाबोलिक स्टेरॉयड है जो टेस्टोस्टेरोन का स्तर बढ़ाता है, जिससे मांसपेशियों का आकार, सहनशक्ति और ताकत बढ़ती है।
बयान में कहा गया ,‘‘ खिलाड़ी को इस मामले के बारे में बता दिया गया है और उसे तुरंत प्रभाव से अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया है । वह एशियाई खेल आइची नागोया 2026 में किसी प्रतियोगिता में भाग लेने , ट्रेनिंग, कोचिंग या किसी गतिविधि में भागीदारी से प्रतिबंधित रहेगा ।’’
जीडब्ल्यू1516 भी हर समय ( मुकाबले के दौरान और बाहर भी ) प्रतिबंधित और अनिर्दिष्ट पदार्थ है । यह सहनशक्ति बढाने का काम करता है । मेफेंटरमाइन का प्रयोग प्रतिस्पर्धा के दौरान वाडा संहिता के तहत एक अनिर्दिष्ट उत्तेजक के रूप में प्रतिबंधित किया गया है। यह केंद्रीय तंत्रिका तंत्र पर कार्य करता है और सतर्कता बढ़ा सकता है तथा थकान कम कर सकता है।
चौहान इस फैसले को खेल पंचाट के खेल डोपिंग निरोधक प्रभाग में चुनौती दे सकते हैं । उन्हें बी नमूने की जांच के अनुरोध का भी अधिकार है ।
एशियाई खेलों में कुराश की स्पर्धायें 26 से 29 सितंबर के बीच आयोजित की गई थी । चौहान 90 किलो वर्ग में अंतिम 16 में ताजिकिस्तान के मिरमामादोव शकरमामाद से हार गए थे ।
भारत के लिये कुराश में एकमात्र कांस्य महिलाओं के 78 किलो वर्ग में पिंकी बलहारा ने जीता है ।
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.