नई दिल्ली: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 2 अक्टूबर को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार हार्मोनिका की सुरीली स्वर लहरियों से गूंज उठा. ‘भारतीय हार्मोनिका महोत्सव-2026’ के 13वें संस्करण का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में देशभर से आए हार्मोनिका कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.
कलाकार अनुपम पॉल और देश की सुप्रसिद्ध 17 वर्षीय हार्मोनिका वादिका सिद्धि सोनी ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. किसी ने ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’, किसी ने ‘कहता है दिल’ और किसी ने ‘बार-बार देखो’ जैसे लोकप्रिय गीतों की धुनें हार्मोनिका पर पेश कीं. इन मधुर धुनों में श्रोता काफी देर तक खोए रहे.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संगीत भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा है और संगीत के साधकों का समर्पण अद्भुत है. उन्होंने कहा कि कला जगत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन देशभर के कलाकारों को एक मंच पर ला रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन हार्मोनिका जैसी मधुर संगीत विधा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.