नई दिल्ली: उत्तराखंड के शहरी विकास निदेशालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया. शहरी विकास निदेशक विनोद गोस्वामी ने स्वच्छता कर्मियों के साथ महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
इस अवसर पर गोस्वामी ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को साकार करने के उद्देश्य से वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन शुरू किया गया. उन्होंने बताया कि राज्य में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और लीगेसी वेस्ट के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. राज्य में शेष लीगेसी कचरे का 31 मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण करने का लक्ष्य निर्धारित है.
निदेशक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए.
प्रधानमंत्री आवास योजना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अपर निदेशक प्रवीण कुमार, निदेशक के सहायक राजीव पाण्डे और जगबीर सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और गांधीजी के प्रिय भजनों का गायन हुआ. अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.